भोपाल। मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन द्वारा 7 अप्रैल रविवार को राजधानी में भगवान मीनेष जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता लीलेन्द्रसिंह मारण ने मीनेष जयंती समारोह की तैयारियों के संदर्भ में अब तक हुई तैयारियों, व्यवस्थाओं जनसंपर्क और प्रचार प्रसार कार्य की समीक्षा करते हुए बताया कि चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए और सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए समारोह को भव्य स्वरूप में मनाया जा रहा है।

समारोह के आयोजन मप्र मीना समाज सेवा संगठन के युवा जिला अध्यक्ष मनफूल मीना ने बताया कि भगवान मीनेष के जयंती समारोह अवसर पर कोलार के कजलीखेड़ा से विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली रविवार सुबह 7 बजे कजलीखेड़ा में भगवान मीनेष की आरती-पूजा के साथ प्रारंभ होगी, जो कोलार रोड पर सर्वधर्म पुल से वापस दानिश कुंज से सलैया, मिसरोद होते हुए होशंगाबाद रोड 11 मील स्थित मीना छात्रावास भवन पर समाप्त होगी। रैली में भगवान मीनेष का भव्य रथ के साथ ही बैंड पर भजनों की आकर्षक धुन पर युवा झूमते-नाचते और भगवान मीनेष के जयकारों के साथ वाहन रैली में शामिल होंगे। रैली समापन के उपरांत सामाजिक सभा और भंडारा होगा। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता लीलेन्द्र सिंह मारण, प्रदेश संगठन महामंत्री एडवोकेट संतोष मीना, प्रदेश प्रचार मंत्री भैयालाल मारण, भोपाल जिला अध्यक्ष हरभजन मीना एवं भोपाल जिला युवा संगठन अध्यक्ष मनफूल मीना ने सभी स्वजातीय बंधुओं से आग्रह किया है कि हमारे इष्टदेव, समाज के आराध्य भगवान मीनेष की जयंती(अवतार दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित मीनेष जयंती समारोह की तैयारियों में अपना अमूल्य योगदान देने इस बैठक में अवश्य पधारें।