NDA विधायकों से बोले CM नीतीश-सदन में मौजूद रहें, एकजुटता का परिचय दें

NDA विधायकों से बोले CM नीतीश-सदन में मौजूद रहें, एकजुटता का परिचय दें

पटना
बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन है। इसके पहले कल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधानमंडल दल की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी विधायकों, विधान पार्षदों को मानसून सत्र में सदन में शत प्रतिशत उपस्थिति रखने को कहा। उन्होंने कहा कि यह सत्र छोटा जरूर है, पर सरकार के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण है। कई खास महत्व के विधेयक पेश किये जाने हैं। उन्होंने विस्तार से विधेयकों की जानकारी दी तथा सदन में सबों को मौजूद रहने को लेकर ताकीद की, साथ ही सदन में एकजुटता का परिचय देने को कहा। सरकार सदन में विपक्ष के हर सवाल का उत्तर देने को तैयार है।

 एनडीए विधायक दल की बैठक में वीआईपी को छोड़कर भाजपा, जदयू और हम के सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, हम प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, विस में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार, उप मुख्य सचेतक जनक सिंह, विधान परिषद में उप मुख्य सचेतक देवेश चन्द्र ठाकुर व नवल किशोर यादव मंचस्थ रहे। बैठक में कई विधायकों ने बाढ़, कइयों ने कोविड की तीसरी लहर के मद्देनजर उनके क्षेत्र के अस्पतालों को सुविधा संपन्न बनाने, कई ने जलजमाव वाले क्षेत्रों में भी बाढ़ राहत जैसी सुविधाएं लागू करने की मांग की। कुछ सदस्यों ने ट्रांसफर-पोस्टिंग में उनकी अनुशंसा नहीं सुने जाने का भी मामला उठाया। इनमें संजय सरावगी, ज्योति देवी, लखिन्दर पासवान, हरिभूषण ठाकुर आदि शामिल थे। जदयू विधायक शालिनी मिश्रा ने फसल क्षति अनुदान जल्द देने का आग्रह किया।