Oxygen की कमी से 5 मरीजों की मौत, परिजनो का हंगामा, डॉक्टर अस्पताल छोड़ भागे

जबलपुर। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस बेकाबू होता जा रहा है। प्रदेश के शहडोल मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से 12 मरीजों के मौत के बाद अब जबलपुर में ऑक्सीजन की कमी के चलते 5 मरीजों की मौत की खबर है। अब गुरुवार की रात जबलपुर जिले के गैलेक्सी हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की कमी से 5 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मप्र में पिछले 16 दिनों में प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से 61 लोगों की जान जा चुकी है। उधर, ऑक्सीजन की कमी से मौत की खबर जब मृतकों के परिजनों को लगी तो वे अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला, साथ ही अस्पताल में तत्काल सिलेंडर की भी व्यवस्था कराई गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। दरअसल, जबलपुर के गैलेक्सी हॉस्पिटल में कुल 65 कोविड संक्रमित भर्ती थे, इसमें 31 ऑक्सीजन वाले और 34 आईसीयू के मरीज भर्ती थे। इसी में 42 वर्षीय अमित कुमार मिश्रा की भी मौत हो गई। मरीज के परिजनों का आरोप है कि चार दिन पहले उन्हें भर्ती कराया गया था। वीकल फैक्ट्री में चार्जमैन अमित कुमार शर्मा का ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। रात डेढ़ बजे अचानक ऑक्सीजन खत्म हो गई, जिससे अमित की मौत हो गई। मौत होते ही भागा स्टाफ बताया जाता है कि मामले हॉस्पिटल प्रबंधन की भी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से ऑक्सीजन का बैकअप भी नहीं रखा गया था। वहीं, जब ऑक्सीजन समाप्त होने के बाद मरीज तड़पने लगे, तो हॉस्पिटल में मौजूद डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ भाग गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला।