OIC ने की रोहिंग्याओं पर अत्याचार की निंदा

ढाका  इस्लामी देशों के संगठन ने कहा है कि म्यांमार ने रोहिंग्या मुसलमानों  के साथ जिस तरह का सलूक किया है वह अंतरराष्ट्रीय कानूनों का गंभीर और खुला उल्लंघन है। संगठन ने संकट के हल के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन का आह्वान किया। इस्लामी सहयोग संगठन ( ओआईसी ) ने बांग्लादेश में दो दिन के सम्मेलन के अंत में एक संयुक्त बयान जारी किया। बांग्लादेश ने म्यांमार  से भागे रोहिंग्या समुदाय के 700,000 लोगों को अपने यहां पनाह दी है। रविवार को जारी किए गए बयान में कहा गया है कि संगठन म्यांमार में मानवाधिकारों के उल्लंघन पर निगाह रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र तथा अन्य वैश्विक मंचों पर काम करना जारी रखेगा। संगठन ने पहले के अंतरराष्ट्रीय बयानों की भावनाओं को दोहराते हुए कहा कि म्यांमार में नस्ली सफाया किया जा रहा है।