प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व संगठन महामंत्री भगत भी रहे मौजूद
प्रदेश कार्यकारिणी व मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी की चर्चा
भोपाल। सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ चल रही बैठक शाम 4.30 बजे खत्म हो गई।
शाजापुर का दौरा निरस्त कर सीधे इंदौर रवाना हुए दोनों नेता
बैठक के बाद शिवराज और सिंधिया इंदौर रवाना हो गए हैं। दोनों नेताओं को दोपहर 2 बजे शाजापुर जाना था, लेकिन बैठक लंबी व मौसम खराब होने होने के कारण शाजापुर का दौरा निरस्त हो गया। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल में नियुक्तियों को लेकर मंथन हुआ।
मुख्यमंत्री करीब एक घंटा बैठक में नहीं रहे
हालांकि मुख्यमंत्री करीब एक घंटा बैठक में नहीं रहे। वे शहर में ही किसी निजी कार्यक्रम में चले गए थे। 12 दिन में यह दूसरा मौका है, जब सिंधिया सीएम हाउस पहुंचे हैं।उपचुनाव के एक माह बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया है। दो पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को शिवराज कैबिनेट में शामिल होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
काफिले में थीं 40 गाडिय़ां
सिंधिया सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचे थे। वे एयरपोर्ट से करीब 40 गाडिय़ों के काफिले के साथ सीएम हाउस पहुंचे। जिस तरह से मंत्रिमंडल विस्तार में विलंब हो रहा है, उससे लगता है कि सिंधिया ने अपने मंत्री, पूर्व मंत्री व भाजपा में शामिल हुए नेताओं के साथ सीएम हाउस पहुंचकर ताकत दिखाई है।
सिंधिया समर्थक भी पहुंचे
तुलसी सिलावट,गोविंद राजपूत, प्रद्युमन सिंह तोमर, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिसोदिया, ओपीएस भदोरिया, मुन्नालाल गोयल, जजपाल सिंह जज्जी, एदल सिंह कंषाना, गिर्राज दंडोतिया, गिरीश शर्मा और कृष्णा घाडग़े सीएम हाउस पहुंचे हैं। इसके अलावा मंत्री हरदीप सिंह डंग और पूर्व मंत्री सरजात सिंह भी मौजूद थे।
वीडी शर्मा का महामंत्रियों के साथ मंथन
इधर, बीजेपी ऑफिस में शुक्रवार देर शाम अचानक सरगर्मी तेज हो गई। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपने पांचों महामंत्रियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। इससे पहले शर्मा ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लंबी बैठक की। फिर वह सीएम हाउस से सीधे बीजेपी ऑफिस पहुंचे।
कांग्रेस के पूर्व विधायक चौरे भाजपा में शामिल
इधर, भोपाल में शुक्रवार को पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अजय चौरे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में चौरे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सौसर क्षेत्र में चौरे परिवार का बड़ा राजनीतिक रसूख है। उनके भाई विजय चौरे वर्तमान में कांग्रेस से विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में अजय चौरे कांग्रेस से टिकट के लिए बड़े दावेदार रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया, बताया जा रहा है कि वे तब से ही नाराज चल रहे थे।