मध्य प्रदेश कांग्रेस में चुनाव से पहले बड़े उलटफेर के संकेत

भोपाल कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर भाजपा द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों को एक बार फिर बल मिला है, जब प्रदेश कांग्रेस में चल रही आपसी गुटबाजी के चलते पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी से मानक अग्रवाल की छुट्टी कर दी है। यह जिम्मेदारी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभा ओझा को सौंपी गई है। एआईसीसी सूत्रों से खबर है कि प्रदेश कांग्रेस में अगले दो दिन के भीतर भी बड़ा उलटफेर हो सकता है। जिसमें मीडिया में नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी, साथ ही निष्क्रिय प्रवक्ताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की गिरफ्तारी रैली से एक दिन पहले बुधवार को पीसीसी में अचानक हुए बदलाव से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है। खबर है कि मानक अग्रवाल के बाद प्रदेश संगठन मंत्री चंद्र प्रभाष शेखर एवं कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल को भी हटाया जा सकता है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि पीसीसी अध्यक्ष इन पदाधिकारियों के कामकाज से संतुष्ठ नहीं है। कमलनाथ को कुछ शिकायतें भी मिली हैं। बताया गया कि प्रदेश संगठन प्रभारी की  जिम्मेदारी सुरेश पचौरी समर्थक राजीव सिंह को मिल सकती है। जबकि कोषाध्यक्ष के लिए पूर्व विधायक प्रकाश जैन का नाम चर्चा में है। हालांकि इस संबंध में पीसीसी अध्यक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। दिल्ली सूत्र ने बताया कि प्रदेश कांगे्रस में यह उलटफेर एआईसीसी के निर्देश पर हुई है।