हिमालय पर बर्फबारी से मप्र की तापमान में रहेगा उतार-चढ़ाव

हिमालय पर बर्फबारी से मप्र की तापमान में रहेगा उतार-चढ़ाव

भोपाल में सुबह मोतीलाल नेहरू मैदान ओस की बूंदे जमीं रहीं

भोपाल। हिमालय पर बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ा है। इसके कारण ही लगातार बढ़ रहे तापमान में रोक लग गई है। रात का पारा लगभग सभी जगहों पर सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। शनिवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है।

कल के बाद कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में और कमी आएगी। हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। हालांकि कड़ाके की ठंड 27 के बाद ही प्रदेश में महसूस की जाएगी।

उमरिया में कम रहा तापमान

बीती रात प्रदेश में उमरिया में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। यहां रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रीवा में 5.6 और पचमढ़ी में यह 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खरगोन और खंडवा अब भी सबसे ज्यादा गर्म है। यहां दिन का पारा 30 के आसपास बना हुआ है। खरगोन में सबसे ज्यादा 29.9 और खंडवा में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ग्वालियर और नौगांव में कोहरा

प्रदेश के ग्वालियर और नौगांव में कोहरे का असर देखा जा रहा है। यहां लगातार दूसरे दिन कोहरे के कारण दृश्यता 500 मीटर रही। नौगांव में तो दृश्यता 200 मीटर तक रह गई। दोनों ही जगह दो दिन से कोहरा छाया है। हालांकि प्रदेश के अन्य इलाकों में कोहरा नहीं है। दिया में रात का पारा 6 डिग्री और ग्वालियर में 6.5 डिग्री रहा।