15 जनवरी से विहिप-संघ राशि संग्रह के लिए छेड़ेगा अभियान
भोपाल। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता डेढ़ महीने में दो करोड़ हिन्दू परिवारों के घरों में जाएंगे। 15 जनवरी से शुरू होने वाले निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत हर गांव और शहर में संपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा।
मंदिर निर्माण के लिए राशि जुटाने का काम करेंगे
राम भक्त इस दौरान यह संकल्प लेंगे कि जनकल्याण के लिए राम ने 14 साल तक वनवास में बिताया था तो वे राम मंदिर के लिए एक माह तक घर से दूर रहकर मंदिर निर्माण के लिए राशि जुटाने का काम करेंगे। इसके लिए अब प्रांत स्तर के साथ अगले 20 दिनों में जिला स्तर की बैठकें और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने का काम शुरू हो गया है।
16 जिलों में 4516 कार्यकर्ता चिन्हित
मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान की खातिर 4516 कार्यकर्ता चिन्हित कर लिए गए हैं। ये 15 जनवरी से तीन से चार सदस्यों की टोली में हर हिन्दू परिवार के घर जाकर राशि संग्रह का काम करेंगे। 16 जिलों में सबसे अधिक रामभक्त विदिशा जिले से सामने आए हैं।
विहिप के केंद्रीय नेताओं बताई कार्ययोजना
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए राशि संग्रह को लेकर भोपाल में शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें विहिप के अखिल भारतीय संगठन महामंत्री एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के निधि समर्पण अभियान के केंद्रीय सह अभियान प्रमुख विनायक राव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह यशवंत इंदापुरकर संग्रह की कार्ययोजना बताई।