अटल बिहारी वाजपेयी के पसंदीदा लड्डू बन गए थे 'पासपोर्ट टू पीएम'

अटल बिहारी वाजपेयी के पसंदीदा लड्डू बन गए थे 'पासपोर्ट टू पीएम'

भोपाल 
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज जयंती है. देश के किसी ना किसी कोने से उनकी यादें जुड़ी हुई हैं और ग्वालियर शहर में तो उनका जन्म ही हुआ था. ग्वालियर शहर के शिंदे की छावनी में जन्में अटल बिहारी वाजपेयी की सबसे पसंदीदा मिठाई बहादुरा के लड्डू थे. यहां तक कि प्रधानमंत्री रहते हुए भी इन लड्डुओं से उनका नाता बना रहा.

अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जब भी शहर का कोई व्यक्ति उनसे मिलने जाता, तो वो बहादुरा के लड्डू लेकर जरूर जाता. इसी वजह से एक अंग्रेजी अखबार ने तो इन लड्डुओं को 'पासपोर्ट टू पीएम' की संज्ञा तक दे दी थी.

बहादुरा मिष्ठान भंडार के मालिक बताते हैं कि जब वे बहुत छोटे थे, तब अटल जी उनके यहां लड्डू खाने आते थे. उस वक्त उनके लड्डू 4-6 रुपए प्रति किलो बिकते थे. जिनका दाम आज 360 रुपए किलो पहुंच चुका है.

अटल बिहारी के पड़ोसी और बचपन के मित्र मनराखन मिश्र बताते हैं कि अटल जी बचपन में काफी शरारत भी करते थे. पैसे की तंगी के बावजूद वो और अटल जी दोस्तों के साथ मिलकर शहर के प्रसिद्ध खान-पान की जगहों पर जाते थे. कई बार तो अटल जी उन्हें इमरती खाने ले जाते थे.

एक आने और दो आने की इमरती खाकर खुद वहां से चले जाते और जब दोस्त उन्हें अपने हिस्से के पैसे देने की बता कहते, तो वे सड़क के उस पार खड़े होकर उन्हीं से भुगतान करने को कह कर वहां से चले जाते थे.