अब रायपुर से चेन्नई व अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान

अब रायपुर से चेन्नई व अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान

रायपुर
 मार्च का आखिरी दिन और अप्रैल का पहला हफ्ता राजधानी के हवाई यात्रियों के लिए सौगातों भरा होगा। इन सात दिनों में दिल्ली, अहमदाबाद, चेन्नाई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो रही है तथा गोरखपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिल जाएगी। ये फ्लाइटें इंडिगो एयरलाइंस द्वारा शुरू किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस कोलकाता-गोरखपुर तथा हैदराबाद-गोरखपुर फ्लाइट भी शुरू कर रही है। इसके शुरू होने से रायपुर से गोरखपुर के लिए भी कनेक्टिंग हो सकेगी। विमानन कंपनी इंडिगो का कहना है कि रायपुर और गोरखपुर को जोड़ने वाले नए रूट्स के साथ ही कंपनी 14 नई उड़ानें शुरू कर रही है।

इस प्रकार हवाई यात्रियों को मार्च आखिरी दिन से लेकर अप्रैल पहले हफ्ते तक चार नई फ्लाइटों की सौगात मिलेगी। सबसे बड़ी सौगात में इंडिगो एयरलाइंस द्वारा सात अप्रैल से चेन्नाई के लिए शुरू की जा रही सीधी फ्लाइट है। इस फ्लाइट की मांग काफी समय से की जा रही थी।

इसके साथ ही सस्ते हवाई सेवा में अग्रणी मानी जाने वाली कंपनी विस्तारा एयरलाइंस भी हवाई यात्रियों को नई सौगात के रूप में 31 मार्च से दिल्ली फ्लाइट शुरू कर रही है। ट्रैवल्स संचालकों का कहना है कि विस्तारा एयरलाइंस का शुरू होना ही महंगे हो रहे हवाई फेयरों के दाम पर रोक लगाएगा। इसके साथ ही एक अप्रैल से इंडिगो एयरलाइंस की ही अहमदाबाद फ्लाइट भी शुरू होने वाली है।

चेन्नई फ्लाइट का शेड्यूल-

फ्लाइट क्रमांक 6ई603 सुबह 10.20 बजे चेन्नाई से छूटेगी तथा रायपुर 12.20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद फ्लाइट क्रमांक 6ई 365 रायपुर से 12.50 बजे उड़ान भरेगी और 2.50 बजे चेन्नाई पहुंचेगी।

दिल्ली फ्लाइट का शेड्यूल

फ्लाइट क्रमांक यूके 797 सुबह 8.20 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेगी और 8.55 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी। इसी प्रकार देर शाम फ्लाइट क्रमांक यूके 793 रात 8.20 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी। एक अप्रैल से इंडिगो की शुरू होने वाली अहमदाबाद फ्लाइट दोपहर 2.45 बजे रायपुर पहुंचेगी और 3.15 बजे अहमदाबाद के लिए छूटेगी।