अमित शाह का उज्जैन संभाग दौरा टला, अब इस दिन हो सकती है बैठक

उज्जैन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का 12 सितंबर को होने वाला उज्जैन दौरा टल गया है. इस दौरान अमित शाह उज्जैन संभाग में बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले थे. इसके अलावा जावरा में किसान सम्मेलन होना था.

बताया जा रहा है कि अमित शाह अब 15 या 16 सितंबर को शहर आएंगे. दौरा टलने का कोई विशेष कारण तो सामने नहीं आया है लेकिन क्योंकि बूथ प्रमुख व पालक संयोजकों के संभागीय सम्मेलन की तिथि में परिवर्तन होने के कारण दौरे में परिवर्तन हुआ है.

उज्जैन संभाग में होने वाले संभाग के पदाधिकारियों के आयोजन के संयोजक अनिल जैन ने मीडिया को बताया कि जल्द ही अमित शाह के आने की निर्धारित तिथि पता चल जाएगी. हालांकि उन्होंने यह बताया कि सम्मेलन के लिए तैयारियां जारी हैं.

बता दें कि जावरा में होने वाले महा किसान सम्मेलन की तैयारी में बीजेपी जोर-शोर से लगी है. आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में लोगों तक इस बात की जानकारी पहुंचाई जा रही है. जानकारी के अनुसार 20 सितंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में हर पंचायत में बूथ स्तर तक पौधारोपण कर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा.