अयोध्या राम मंदिर निर्माण से 47 करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा ट्रस्ट

अयोध्या राम मंदिर निर्माण से 47 करोड़ हिन्दुओं को जोड़ेगा ट्रस्ट

 प्रयागराज 
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट धन संग्रह अभियान के माध्यम से 9 करोड़ 37 लाख 50 हजार हिन्दू परिवारों के 46 करोड़ 87 लाख से अधिक सदस्यों को श्रीराम मंदिर से जोड़ेगा। आरएसएस ने पूरे देश को 44 प्रांतों में बांटा है। इनमें 10 रुपए के 2,49,25,000 और 100 रुपए के 6,88,25,000 कुल 9,37,50,000 कूपन भेजे जाएंगे।

अभियान से जुड़े लोगों ने एक परिवार में पांच सदस्यों का अनुमान लगाया है। ट्रस्ट के महासचिव और विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने धन संग्रह अभियान की रूपरेखा सोमवार को आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत व अन्य पदाधिकारियों के समक्ष रखी। चूंकि धन संग्रह अभियान बहुत बड़े पैमाने पर पूरे देश में चलाया जाना है इसलिए इसमें संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों के सहयोग की भी अपेक्षा की।

गौहनिया में वशिष्ठ वात्सल्य ग्लोबल स्कूल में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के दूसरे दिन दूसरे सत्र में अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों को धन संग्रह की कार्ययोजना की जानकारी दी गई। साथ ही इस अभियान में पूरे समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया गया। 25 नवम्बर से 20 दिसम्बर के बीच प्रान्तों मंढ प्रमुख सन्तों की 3 से 4 घंटे की बैठकें प्रस्तावित है। साधु-सन्त अपने शिष्यों से भी सहयोग का आह्वान करेंगे।

प्रयागराज से विदा हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत
संघ प्रमुख मोहन भागवत दो दिनी बैठक के बाद सोमवार की रात प्रयागराज से दिल्ली चले गए। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी सोमवार की रात दिल्ली रवानाहो गए। विहिप के केंद्रीय महामंत्री विनायकराव देश पांडे को भी बैठक में भाग लेने आना था लेकिन वे नहीं आ सके। मंगलवार को ट्रस्ट और संघ की संयुक्त बैठक के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन ऐसी कोई बैठक नहीं है।