उपलब्धि नहीं हिमा दास की जाति जानने में भारतीयों की दिलचस्पी

नई दिल्ली
धाविका हिमा दास ने वर्ल्ड ऐथलेटिक्स में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा लेकिन भारतीयों के मन में उनकी उपलब्धि के बारे में जानकारी लेने के बजाय कुछ और ही जानना है। हिमा ने फिनलैंड में आईएएएफ वर्ल्ड अंडर-20 ऐथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर महिला रेस में गोल्ड जीतकर देश को इस चैंपियनशिप में गोल्ड दिलाया।

गूगल पर हिमा दास की उपलब्धि के बजाय उनकी जाति के बारे में सर्च किया जा रहा है।

गूगल पर उनके नाम के बाद 'हिमा दास कास्ट' सबसे ज्यादा सर्च किया गया टॉपिक है। इस बारे में एक ट्विटर यूजर ने लिखा, 'भारत एक दुखी देश है।'

इससे पहले स्टार शटलर पीवी सिंधु ने जब रियो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा था, तब भी उनकी जाति के बारे में गूगल पर काफी लोगों ने सर्च किया था जो तब सबसे ज्यादा सर्च किए गए टॉपिक में शामिल रहा था।

इस बारे में सोशल मीडिया पर काफी लोगों ने अपनी राय रखी है। हरीश नाम ने एक यूजर ने लिखा, 'यह भारत का भाग्य है। शर्मनाक है कि लोग उनकी जाति के बारे में जानकारी लेना चाहते हैं।'