करणी सेना ने राजधानी के हाई सिक्योरिटी जोन में की फायरिंग

करणी सेना ने राजधानी के हाई सिक्योरिटी जोन में की फायरिंग

भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के पास उस समय दहशत फैल गई जब करणी सेना के पदाधिकारियों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना दोपहर करीब 3.30 बजे की है।

भोपाल का वीआईपी क्षेत्र माना जाने वाला श्यामला हिल्स पर स्थित गांधी भवन में मंगलवार को दोपहर में करणी सेना का सम्मेलन चल रहा था। तभी अचानक गांधी भवन के परिसर से गोलियों की आवाजें आने से दहशत फैल गई। भीतर मौजूद कई कार्यकर्ता और मीडिया कर्मी आवाज सुनकर परिसर की तरफ दौड़कर बाहर आए तो देखा कि दो लोग हवा में 315 बोर की रायफल से गोलियां चला रहे थे। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास खड़े लोग भी दहशत में इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि फायरिंग करणी सेना के पदाधिकारी ही कर रहे थे। गौरतलब है कि जब बाहर फायरिंग चल रही थी, इस बीच भवन के भीतर वाले हिस्से में करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी भी मौजूद थे।

500 मीटर दूर है सीएम हाउस
गांधी भवन के परिसर में जिस स्थान पर फायरिंग हुई, उसके करीब 500 मीटर दूर ही मुख्यमंत्री कमलनाथ का आवास है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास के पास सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद करणी सेना को किसी का खौफ नहीं रहा।

 राम मंदिर के मुद्दे पर हो रही थी चर्चा

बताया जाता है कि करणी सेना के संस्थापद लोकेंद्र सिंह कालवी गांधी भवन के भीतर कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। बैठक में राम मंदिर के निर्माण को लेकर चर्चा की जा रही थी। करणी सेना का कहना है कि राम मंदिर का काम हमें सौंप देना चाहिए, क्योंकि करणी सेना अपने दम पर पैसा एकत्र कर राम मंदिर बनवाने में सक्षम है।