कांग्रेस के भारतबन्द का हरदा में आंशिक असर !

 

हरदा

 

कांग्रेस द्वारा डीजल पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ,महंगाई को लेकर किये गए बन्द को हरदा में व्यापक समर्थन नहीं मिला। छुटपुट दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानें खुली रहीं।  दोपहर 12 बजे तक तो आंशिक बन्द भी खुल गया। मिली जानकारी में घंटाघर क्षेत्र में कुछ देर बंद की स्थिति रही। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस पार्टी से जुड़े व्यवसायियों ने शहर में अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। 

 

इधर, जहां सपाक्स और भाजपा ने बन्द को विफल बताया वहीं कांग्रेस ने इसे सफल बन्द करार दिया। 

 

क्या कहा इन्होंने -

 

नाम न छापने की शर्त पे एक कपड़ा व्यापारी ने कहा कि बन्द का असर  5-10 प्रतिशत रहा । मैं जब सुबह 10 बजे आया तो बाजार खुला मिला।  कांग्रेसियो में ही बन्द को लेकर उत्साह न था। वे 12 बजे तक बन्द का आग्रह कर रहे थे। हम लोग बार बार बन्द से आजिज आ गए हैं।

 

सपाक्स से जुड़े दिनेश राठी ने कहा कि हमने प्रतिष्ठान बंद नहीं किया। कुछ लोग बन्द कराने आये थे। हमने विरोध किया। कहा हम किसी भी राजनैतिक दल के बन्द को समर्थन नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सपाक्स के अभूतपूर्व बन्द की तुलना में  आज कांग्रेस का भारत बंद का हरदा में 5 प्रतिशत असर रहा। 

 

इधर भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा ने कहा कि कांग्रेस का बन्द पूरी तरह असफल रहा। मैंने बाज़ार जाकर खुद देखा। व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले हैं। 

 

कांग्रेस विधायक आरके दोगने ने कहा कि बन्द पूर्ण सफल रहा। हमने 12 बजे तक बन्द का आह्वान किया था। कल रविवार था। आज सोमवार पूरे बन्द से व्यापारियों को परेशानी हो सकती थी। चूंकि 3 दिन पहले ही हरदा बन्द रहा है। अतः उनके हित को देखते हुए हमने आधा दिन बन्द किया जिसमें हमें व्यापारियों का सहयोग मिला।