कांग्रेस बोली 6 माह में खिंचा शहर विकास का खांका, घमापुर में बनेगा फ्लाय ओवर

जबलपुर
जो काम कभी नहीं हुआ, वो काम प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर दिखाया। जबलपुर में कैबिनेट की बैठक होना बड़ी बात थी। भाजपा ने लगातार इसका सपना दिखाया, पर किया कुछ नहीं। कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जब प्रदेश में आई तभी जाके ये सपना साकार हुआ। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के प्रयास से इस बैठक में जबलपुर विकास का वास्तविक खांका खिंच पाया। बहुत जल्द इसके परिणाम सबके सामने होंगे। ये बात नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश यादव ने कही।
उन्होंने कहा कि जबलपुर में आयोजित कैबिनेट की बैठक में तीन हजार करोड़ रुपए की विकास योजना के काम स्वीकृत हुए। इसमें शहर का सर्वांगीण विकास शामिल है। नर्मदा में बनने वाला पुल सपना ही था, कमलनाथ सरकार ने ये सपना पूरा करने की दिशा में सोचा।
यादव ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला योजना समिति की बैठक में घमापुर में फ्लाय ओवर बनाने की बात हुई। ये बहुत बड़ी सौगात है। फ्लाय ओवर की डीपीआर बनाने के आदेश दिए जा रहे हैं। केबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया की मंशानुसार फ्लाय ओवर बना तो भानतलैया से सीधे अधारताल जाने का सपना साकार हो सकेगा।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में लगातार अग्रसर है। बीते 6 माह में महिला अपराध में 5.6 प्रतिशत की कमी आना अपने आप में बड़ी बात है। 6 माह में ही 25 लाख से अधिक किसानों के कर्ज माफ हुए। ये काम आगे बढ़ रहा है। वृद्धावस्था की पेंशन दोगुना होने से बुजुर्ग खुश हैं। कन्या विवाह सहायता राशि को 51,000 किया गया है। वहीं एक हजार से अधिक गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है।