कैदी को लेकर बुलंदशहर से लौट रही पुलिस वैन का बाराबंकी में एक्‍सीडेंट

कैदी को लेकर बुलंदशहर से लौट रही पुलिस वैन का बाराबंकी में एक्‍सीडेंट

महराजगंज  
बुलंदशहर के अनूपशहर कोर्ट में पेशी से महराजगंज जेल लौटते समय बुलंदशहर के कुख्यात कैदी मुकेश हजरतपुरिया को लेकर आ रही पुलिस की गाड़ी शुक्रवार की आधी रात बाराबंकी जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 

गनीमत यह रही कि उसमें सवार कैदी मुकेश सहित सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। केवल पुलिस वैन के चालक को मामूली चोट आई। घटना की जानकारी मिलने पर बाराबंकी पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं इस घटना की जानकारी होने के बाद महाराजगंज पुलिस ने बाराबंकी से मुकेश व अन्य सभी पुलिसकर्मियों को लाने के लिए पुलिस वैन भेज दी।

बुलंदशहर का कुख्यात अपराधी है मुकेश, सीबीआई भी कर रही जांच
मुकेश हजरतपुरिया बुलंदशहर का कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण रंगदारी जैसे संगीन मामलों के कुल 26 केस दर्ज हैं। मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय के अकाउंटेंट की हत्या में भी वह आरोपित है। इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है। हत्या के एक मामले में वह आजीवन कारावास की सजा से दंडित भी हो चुका है। प्रशासनिक आधार पर उसे तीन वर्ष पूर्व बुलंदशहर से महाराजगंज जिला कारागार में स्थानांतरित किया गया है।

शुक्रवार की आधी रात सरिया लदे डीसीएम से बाराबंकी में हुआ था हादसा
बुलंदशहर के न्यायालय में पेशी के लिए मुकेश हजरतपुरिया को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस लाइन के एसआई योगेश कुमार, 2 हेड कांस्टेबिल समेत 11 पुलिस कर्मी गाड़ी से ले गए थे। कोर्ट में पेशी के बाद महाराजगंज जिला जेल के लिए लौटते समय शुक्रवार की आधी रात बाराबंकी के पास सरिया लदे डीसीएम से पुलिस की गाड़ी की टक्कर हो गई।

कैदी मुकेश व पुलिसकर्मियों को बाराबंकी से लाने के लिए दूसरी गाड़ी भेज दी गई है। मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है।
प्रदीप गुप्ता, एसपी