ग्वालियर में 175 करोड़ 87 लाख रूपए की सड़कों का भूमिपूजन

ग्वालियर
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों का देश के अन्य राज्य भी अनुशरण कर रहे हैं। कृषि का क्षेत्र हो या जनकल्याण के कार्य, मध्यप्रदेश में सभी दिशाओं में तेजी से कार्य किया जा रहा है। श्रीमती माया सिंह ने सोमवार को विकास पर्व के तहत जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में 175 करोड़ 87 लाख 94 हजार रूपए की सड़कों के भूमिपूजन एवं 262 करोड़ 48 लाख रूपए लागत की सड़कों के लोकार्पण अवसर पर यह बात कही।

विकास पर्व के तहत संपूर्ण प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा, जीवाजी विश्वविद्यालय के श्री केशव गुर्जर, कार्यपालन यंत्री पीडब्लयूडी श्री बी एस गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश में विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भी प्रदेश के 7 शहरों का चयन कर विकास के कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिये लगातार पाँच साल से कृषि कर्मण अवार्ड भी प्राप्त हो रहा है।

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के समग्र विकास के लिये प्रदेश में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के तहत शासकीय सेवक, इनकम टैक्स देने वाले और पाँच हैक्टेयर से अधिक कृषि भूमि के मालिक को छोड़कर शेष लगभग सभी लोगों को योजना में शामिल किया गया है। संबल योजना के तहत लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में असंगठित श्रमिकों के बिजली बिल माफ कर उन्हें 200 रूपए प्रतिमाह बिजली उपलब्ध कराने का भी ऐतिहासिक कार्य किया गया है।

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी सराहनीय कार्य किया गया है। मध्यप्रदेश के दो जिले इंदौर और भोपाल स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार दो वर्षों से प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का कार्य निरंतर चलने वाला कार्य है। इस कार्य में आम जनों की सक्रिय भागीदारी नितांत आवश्यक है।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़कों का विकास पर्व के तहत भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जा रहा है। कुल 26 सड़कों का कार्य जिले में किया जायेगा। इन सड़कों के बन जाने से जिले के विकास में एक नया अध्याय जुड़ेगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग तत्परता से स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करें, ताकि आम जनों को इसका जल्द से जल्द लाभ मिल सके।