जम्मू-कश्मीर में इस साल ढेर हुए 223 आतंकी, 8 सालों में सबसे ज्यादा

जम्मू-कश्मीर में इस साल ढेर हुए 223 आतंकी, 8 सालों में सबसे ज्यादा

  नई दिल्ली 
जम्मू और कश्मीर में इस साल सुरक्षा बलों ने 223 आतंकियों को ढेर किया है। यह पिछले 8 सालों सूबे में मारे जाने वाले आतंकियों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 2010 में 232 आतंकी मारे गए थे। गृह मंत्रालय के आकंड़ों के मुताबिक, सूबे में इस साल आतंकी गतिविधियों में भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल जहां आतंक से संबंधित 342 घटनाएं हुईं, वहीं इस साल अबतक 429 घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले साल जहां 40 सिविलियन मारे गए थे, वहीं इस साल 77 सिविलियन मारे गए हैं। इस साल सुरक्षा बलों के 80 जवान शहीद हुए हैं। पिछले साल भी 80 जवान शहीद हुए थे। 
 
पाकिस्तानी आतंकियों को मिल रहा लोकल सपॉर्ट 
घाटी में इस साल पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए आतंकी हमलों में इजाफा हुआ है। पाकिस्तानी आतंकियों को घाटी में उनके लोकल काडर का साथ मिल रहा है। यह हाल तब है जब सेना ने मुठभेड़ की जगहों पर पत्थरबाजी करने वालों को सख्त चेतावनी दी थी कि उन्हें आतंकियों के ओवर-ग्राउंड सपॉर्टर के तौर पर देखा जाएगा। 

पिछले साल मारे गए थे 213 आतंकी 
जम्मू-कश्मीर में इस साल आतंकियों के मारे जाने का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि अभी साल को खत्म होने में 3 हफ्ते से ज्यादा समय है। इस साल मारे जाने वाले आतंकियों की तादाद पहले ही पिछले साल के 213 के आंकड़े को पार चुका है। इस साल जो 223 आतंकी मारे गए, उनमें 93 विदेशी थे। 15 सितंबर को सूबे में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव के ऐलान के बाद से 80 दिनों में ही 81 आतंकी मारे जा चुके हैं। वहीं 25 जून से लेकर 14 सितंबर के बीच 51 आतंकी ढेर किए गए।