मुख्य सचिव एवं आईआईएएस के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12–15 अक्टूबर को एथेंस में आईएएसआईए सम्मेलन-2026 में लेंगे भाग
वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक होगी सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर, 2026 तक ग्रीस की राजधानी एथेंस में आयोजित आईएएसआईए-2026 के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय लोक प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) के इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के 600 प्रतिनिधि भाग लेंगे। आईएएसआईए, आईआईएएस की एक क्षेत्रीय इकाई है। वी. श्रीनिवास जून, 2025 में वर्ष 2025–2028 के तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए आईआईएएस के पहले भारतीय अध्यक्ष चुने गए थे।
उद्घाटन और समापन संबोधन देंगे, प्रशासन परिषद की करेंगे अध्यक्षता
यात्रा के दौरान वी. श्रीनिवास के लिए कई उच्चस्तरीय कार्यक्रम निर्धारित हैं। वे 12 अक्टूबर को आईएएसआईए के प्रबंधन मंडल को संबोधित करेंगे, 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, 14 अक्टूबर को सम्मेलन में उद्घाटन संबोधन देंगे तथा 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे।
वी. श्रीनिवास 12 अक्टूबर, 2026 को ग्रीस के ईकेडीडीए (राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय शासन केंद्र) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस, आईएएसआईए की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीज़ेल ल्यूज़, आईआईएएस-2026 सियोल सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बुम यंग ली, आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ और ग्रीस में भारत के राजदूत रवि शंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
वी. श्रीनिवास और प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ सम्मेलन के दौरान आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस उस दिन एक उच्चस्तरीय पूर्ण सत्र में भाग लेंगे, जिसमें श्रीनिवास भी शामिल होंगे।
बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर केंद्रित होगा सम्मेलन
बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में विश्वभर से 600 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की अपेक्षा है। नीति निर्माता, लोक प्रशासन विशेषज्ञ और शिक्षाविद शासन को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित बनाने के उपायों पर विचार करेंगे। चर्चाओं में प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, संस्थागत क्षमता और सार्वजनिक संस्थाओं के प्रति विश्वास जैसे विषय शामिल होंगे।
आईआईएएस शासन सूचकांक की अवधारणा और कार्यप्रणाली करेंगे प्रस्तुत
श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित किए जा रहे आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण होगी। इस सूचकांक का उद्देश्य सार्वजनिक संस्थाओं के कामकाज को समझने और सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए एक वैश्विक संदर्भ उपलब्ध कराना है। इसकी अवधारणात्मक रूपरेखा और कार्यप्रणाली अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
इस सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) की 65वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी। श्रीनिवास इसकी महासभा और अन्य प्रशासनिक एवं शैक्षणिक चर्चाओं में भाग लेंगे। उनकी सहभागिता से भारत और राजस्थान के प्रशासनिक अनुभवों को साझा करने तथा विश्वभर में शासन संबंधी नवाचारों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।
वी. श्रीनिवास 3 जून, 2025 को वर्ष 2025–28 के कार्यकाल के लिए आईआईएएस के अध्यक्ष चुने गए थे। लगभग चार दशकों के प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने प्रशासनिक सुधार, डिजिटल शासन और जन शिकायत निवारण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। आईआईएएस में उनका नेतृत्व नागरिक केंद्रित प्रशासन के भारतीय अनुभवों को वैश्विक शासन संबंधी विमर्श में प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करता है।
bhavtarini.com@gmail.com
