तेजस एक्सप्रेस ट्रेन में विलंब होने पर यात्रियों को मुआवजा मिलेगा

तेजस एक्सप्रेस ट्रेन में विलंब होने पर यात्रियों को मुआवजा मिलेगा

नई दिल्ली
आईआरसीटीसी की दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस के यात्रियों को ट्रेन के विलंब होने पर मुआवजा दिया जाएगा। रेलवे की सहायक कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसमें कहा गया कि एक घंटे से अधिक का विलंब होने पर 100 रुपये की राशि अदा की जाएगी, जबकि दो घंटे से अधिक की देरी होने पर 250 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। ट्रेन चार अक्टूबर से चलेगी।

25 लाख का निःशुल्क बीमा भी मिलेगा
इसके अतिरिक्त आईआरसीटीसी की इस पहली ट्रेन के यात्रियों को 25 लाख रुपए का नि:शुल्क बीमा भी दिया जाएगा। यात्रा के दौरान लूटपाट या सामान चोरी होने की स्थिति के लिए भी एक लाख रुपए के मुआवजा की व्यवस्था है।

पहली ट्रिप में नाश्ते के साथ तोहफा भी
आईआरसीटीसी तेजस की यात्रा को यादगार बनाने में जुट गया है। आईआरसीटीसी प्रबंधन ने निर्णय किया है कि चार अक्टूबर को तेजस में पहली बार सफर करने वाले सभी यात्रियों को नाश्ते के साथ ही लंच भी करवाया जाएगा, जबकि आईआरसीटीसी किराए में सिर्फ नाश्ते का ही चार्ज ले रही है। इसके अलावा, इस ट्रिप को यादगार बनाने के लिए उन्हें तोहफे भी देने का निर्णय किया गया है।