तेजस्वी की अगुआई में चुनाव लड़ेगा राजद, होंगे पार्टी के सीएम उम्मीदवार
![तेजस्वी की अगुआई में चुनाव लड़ेगा राजद, होंगे पार्टी के सीएम उम्मीदवार](https://bhavtarini.com/uploads/images/2019/07/1562426183.jpg)
पटना
अगले विधानसभा चुनाव में राजद की ओर मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के मार्गदर्शन में पार्टी तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके पहले पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक ले जाएगी। अभी पंचायत स्तर से नीचे पार्टी का संगठन नहीं है।
राजद ने पटना में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में यह फैसला लिया। इस फैसले को राजनीतिक प्रस्ताव में भी शमिल किया गया। बैठक के बाद राष्ट्रीय प्रधान महासचिव कमरे आलम, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक मेहता और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नवल किशोर ने प्रेसवार्ता में पार्टी के सांगठनिक चुनाव की घोषणा की। साथ ही कहा कि नौ अगस्त से सदस्यता अभियान शुरू होगा, जो 31 दिसम्बर तक चलेगा। सांगठनिक चुनाव के लिए पूर्व सांसद जगदानंद को निर्वाचन पदाधिकारी और चितरंजन गगन को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी मनोनीत किया गया।
राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से पार्टी ने अपनी पुरानी नीति को एकबार फिर सामने लाया है। नेताओं ने प्रस्ताव की चर्चा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी हारी नहीं है, बल्कि हराई गई है। केन्द्र की सभी मशीनरी और संस्थाओं का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ किया गया। देश के वर्तमान हालात में लालू प्रसाद और राजद की जिम्मेदारी बढ़ गई है। एक-एक कार्यकर्ता उनकी नीतियों पर मर मिटने को तैयार है। लालू प्रसाद के नेतृत्व और संघर्ष का नतीजा है कि अजेय बनती जा रही सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ राजद, जदूय और कांग्रेस के गठबंधन का विधानसभा चुनाव में जबरदश्त समर्थन मिला था। प्रस्ताव में बजट पर भी प्रहार किया गया है। बिहार को विशेष दर्जे की चर्चा नहीं होने पर चिंता जताई गई, तो किसानों और युवाओं की उपेक्षा पर रोष जताते हुए कहा गया कि केन्द्र सरकार ने इनका भरोसा तोड़ा है।
सांगठनिक चुनाव की तिथियां
- 06 जुलाई से 31 दिसम्बर तक सदस्यता अभियान चलेगा
- 30 जनवरी 2020 को सदस्यता सूची का प्रकाशन
- 05 फरवरी तक जिलों में आपत्ति दर्ज कराने का मौका
- 13 फरवरी को सदस्यों की अंतिम सूची का प्रकाशन
- 15 से 25 फरवरी तक प्रखंड इकाई के सदस्यों का चुनाव
- 05 से 15 मार्च राज्य परिषद सदस्यों का चुनाव
- 18 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा
- 15 अप्रैल को राष्ट्रीय परिषद में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव