दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोप में टीवी कलाकार करण ओबेरॉय गिरफ्तार

दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोप में टीवी कलाकार करण ओबेरॉय गिरफ्तार

मुंबई
टीवी कलाकार और गायक करण ओबेरॉय को मुंबई पुलिस ने 2017 में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

रविवार देर रात ओशिवारा पुलिस ने एक शिकायत दर्ज की जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और 384 (जबरन वसूली) के तहत करण पर आरोप लगाए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि करण को मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया जहां से उसे नौ मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पीड़िता ने प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई है जिसमें उसने कहा है कि करण ने उसके साथ शादी का झूठा वादा करके शारीरिक संबंध बनाए और घटना का वीडियो बनाकर इसे सार्वजनिक करने की धमकी दी।

पेशे से ज्योतिषी 34 वर्षीय पीड़िता ने कहा कि वह साल 2016 में एक डेटिंग एप के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई थी।

एक साल बाद, ओबेरॉय ने उसे नारियल पानी में कुछ मिलाकर दिया और बाद में महिला से दुष्कर्म किया।

उसने कथित रूप से पीड़ित से बहुत सारे कीमती सामान और महंगे गैजेट्स लिए, उससे नकदी की मांग की और शादी का झूठा वादा करके फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया।

ओबेरॉय 25 सालों से एक मॉडल, गायक और अभिनेता हैं। उन्होंने 'स्वाभिमान', 'जस्सी जैसा कोई नहीं' और 'साया' सहित कई टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय किया है।