देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड: MLA रामबाई के पति का नाम चालान से हटाने के विरोध में हटा बंद

देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड: MLA रामबाई के पति का नाम चालान से हटाने के विरोध में हटा बंद

दमोह
दमोह जिले के हटा में कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड में बसपा विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह का नाम एफआईआर से पुलिस द्वारा हटाए जाने का विरोध तेज हो गया है|  मामले में गोविंद सिंह आरोपी थे। लेकिन उनका नाम पुलिस ने चालान से काट दिया है। जिसके विरोध में सोमवार को मृतक देवेंद्र चौरसिया के परिवार ने धरना दिया था।  कांग्रेस नेता के परिजनों ने इसके विरोध में मंगलवार को हटा बंद कराया है। सुबह से ही हटा बाजार बंद है।

विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह का नाम एफआईआर से हटाने के विरोध में मृतक कांग्रेस नेता का परिवार हटा में शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठेगा। देवेंद्र चौरसिया के बेटे सोमेश चौरसिया ने गोविंद सिंह की गिरफ्तारी की मांग की है। 15 मार्च को बसपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए देवेंद्र चौरसिया की हटा में हत्या कर दी गई थी। इसमें 7 मुख्य आरोपी सहित करीब 28 आरोपी बनाए गए थे। जिसमें पथरिया विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह का नाम भी शामिल था। उन पर पुलिस ने 25 हजार  का इनाम घोषित किया था। जिसे बाद में एसपी ने हटा दिया और फिर से जांच का आवेदन लेकर गोविंद सिंह को छोड़ दिया है। पुलिस के इस निर्णय से देवेंद्र चौरसिया का परिवार आक्रोशित है। पीडि़त परिवार ने कहा कि यदि पुलिस गोविंद सिंह को गिरफ्तार नहीं करेगी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।

विधायक रामबाई अपने पति गोविंद सिंह की बेगुनाही के लिए विधायकों का समर्थन जुटा रही हैं। देवेंद्र चौरसिया की हत्या के प्रकरण की छानबीन के लिए रामबाई अब एसआईटी गठित कराने की मांग कर रही हैं। उनका दावा है कि इसके समर्थन में वह भाजपा और कांग्रेस के 75 विधायकों के दस्तखत करा चुकी हैं। विधायकों का समर्थन हासिल कर वह राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर एसआईटी से जांच की मांग करेंगी।