धमतरी में नहीं पहुंची महतारी एक्सप्रेस, महिला ने ऑटो में दिया बच्चे को जन्म
धमतरी
प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खास तौर से महतारी एक्सप्रेस और संजीवनी एंबुलेंस जैसी सेवाओं के बुरे हाल हैं। इसी की बानगी धमतरी में देखने को मिली जब यहां एक महिला का प्रसव ऑटो में ही हो गया। जानकारी के मुताबिक महिला और उसके परिजन करीब डेढ़ घंटे तक अपने घर में महतारी 102 एक्सप्रेस एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। खास बात ये है कि ये मामला प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर के गृह जिले में सामने आया।
जानकारी के मुताबिक मकेश्वर वॉर्ड की रहने वाली आसिफा बेगम प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजनों ने महतारी 102 एम्बुलेंस को कॉल किया। लेकिन एम्बुलेंस करीब डेढ़ घंटे तक नहीं आईं। इस पर परिजन आसिफा को ऑटो बिठाकर अस्पताल के लिए रवाना हुए। लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ी और ऑटो में ही उसका प्रसव हो गया।
गौरतलब है कि राज्यभर में महतारी एम्बुलेंस सेवाओं के बुरे हाल हैं। इमरजेंसी के दौरान इन सेवाओं के न मिल पाने के चलते लोग जिंदगी का जोखिम उठाने को मजबूर हैं। प्रसव के बाद महिला को अब अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां जच्चा और बच्चा दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है। चिंताजनक बात ये है कि धमतरी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर का गृह जिला है और वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के ये हाल हैं।