पंजाब के सामने दिल्ली की चुनौती, क्रिस गेल के सामने होंगे रबाडा
मोहाली
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम सोमवार को यहां आईपीएल मुकाबले में जब यहां दिल्ली कैपिटल्स का सामना करने उतरेगी तो यह देखना दिलचस्प होगा कि वे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में जीत के नायक रहे कासिगो रबाडा की यॉर्कर गेंद का सामना कैसे करते हैं। रबाडा की शानदार गेंदबाजी से शनिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के इतिहास में सुपर ओवर में अपने सबसे कम स्कोर (10 रन) का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए तीन रन से जीत दर्ज की। इससे पहले दोनों टीमें निर्धारित 20 ओवर में एक समान 185 रन बना पाई थीं।
अब सबका ध्यान इस बात पर होगा कि दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज क्रिस गेल, लोकेश राहुल, मयंक अग्रवाल और डेविड मिलर जैसे धाकड़ बल्लेबाजों के सामने कैसा प्रदर्शन करेगा। दोनों टीमों ने शनिवार को अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा।
सलामी बल्लेबाज होंगे खास
खास बात यह है कि दोनों टीमों की जीत में सलामी बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई। दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ (55 गेंद 99) ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम लक्ष्य के काफी करीब पहुंचा दिया था तो वहीं लोकेश राहुल (57 गेंद में नाबाद 71) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब की जीत सुनिश्चित की। पहले दो मैचों में विफल रहने वाले राहुल ने मुंबई के खिलाफ पारी की शुरुआत में संभल कर बल्लेबाजी की जबकि गेल (40) और मयंक अग्रवाल (43) की जोड़ी ने आक्रामक रवैया अपनाया और पंजाब ने आसानी से 177 रन के लक्ष्य का हासिल कर लिया।
मोहम्मद शमी की अगुवाई में टाई और हार्डस विलोजेन की तेज गेंदबाजी का सामना करना दिल्ली के लिए आसान नहीं होगा। कप्तान रविचंद्रन अश्विन की अगुवाई में स्पिनर भी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
लय में है दिल्ली टीम
केकेआर के खिलाफ सुपर ओवर में मिली जीत के बाद दिल्ली की टीम लय को बरकरार रखना चाहेगी। साव के अलावा दिल्ली को शानदार लय में चल रहे ऋषभ पंत से भी उम्मीदें होगी, जिन्होंने टीम के पहले मैच में मुंबई के खिलाफ 78 रन की धुआंधार पारी खेली थी। शिखर धवन, कप्तान श्रेयस अय्यर और कोलिन इनग्रम भी खुद को साबित करना चाहेंगे। गेंदबाजी विभाग में रबाडा के अलावा कीवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, इशांत शर्मा और अक्षर पटेल भी विरोधी बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
हेड टू हेड
हेड टू हेड की बात करें तो पंजाब का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 22 मैच खेले गए हैं, जिसमें से दिल्ली ने 9 मैच जीते हैं, 13 मैच में पंजाब ने बाजी मारी है। पिछले दो मैच की बात करें तो पंजाब ने उसे हराया है।
bhavtarini.com@gmail.com 
