पेट्रोल पर 152 टैक्स ले रही मप्र सरकार का
भोपाल। आपके द्वारा कार या बाइक में भराए जाने वाले पांच लीटर पेट्रोल से 152 रुपए का टैक्स एमपी सरकार ले रही है। इसी तरह पांच लीटर डीजल पर पंप संचालक द्वारा ली गई रकम में से 95 रुपए प्रदेश सरकार के खजाने में पहुंच रहा है। पांच प्रतिशत वैट बढ़ाने से सरकार के खजाने में एक लीटर पेट्रोल में 5.04 रुपए और डीजल पर 4.14 रुपए का फायदा होने लगा है। कमलनाथ सरकार ने नौ माह में दूसरी बार पेट्रोल और डीजल पर पांच-पांच प्रतिशत वैट बढ़ाकर और अतिरिक्त टैक्स लगाकर प्रदेश की जनता को महंगाई का झटका दिया है। इसके लिए सरकार ने पहले 19 सितम्बर को धारा 70 ए के नाम पर नोटिफिकेशन जारी कर प्रस्ताव दिया कि ऐसा करके सरकार टैक्स बढ़ाएगी और 20 सितम्बर को टैक्स बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार धारा 70 में टैक्स बढ़ाने का अधिकार विधानसभा को है जबकि धारा 70 ए में यह पावर राज्य सरकार को मिल जाता है लेकिन इसमें कंडीशन यह है कि इसके पहले सरकार को नोटिस जारी कर प्रस्ताव देना होगा। इसी नियम को ढाल बनाकर अब सरकार अपनी इच्छा के मुताबिक पब्लिक पर टैक्स थोपने का काम कर रही है।
पेट्रोल में एक लीटर पर 31 रुपए
आज से प्रभावी हुए पेट्रोल के नए दामों की बात करें तो भोपाल में 81.49 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल के दाम हो गए हैं। इसमें 33 प्रतिशत वैट लगाने पर 26.89 रुपए और इस पर एक प्रतिशत उपकर लगाने पर 27.15 रुपए प्रति लीटर लिए जा रहे हैं। इसी में 3.50 रुपए अतिरिक्त कर की राशि जोड़ें तो एक लीटर पेट्रोल पर वसूली जाने वाली राशि 30.65 रुपए होती है। यानी पांच लीटर पेट्रोल भरवाने पर जनता की जेब से निकले पैसों में से 152.26 रुपए राज्य सरकार ले लेती है। यही टैक्स राज्य सरकार न ले तो पेट्रोल की कीमत अपने आप कम हो जाएगी। इसी तरह की स्थिति डीजल के मामले में भी है। इसी तरह आज से बिक रहे 69.65 रुपए प्रति लीटर डीजल की पांच लीटर मात्रा भराने पर 94.53 रुपए राज्य सरकार के खजाने में पहुंच रहे हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
