प्रियंका गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा 

प्रियंका गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा 

 
लखनऊ
 2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर विधानसभा चुनाव होने है। चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी जोर-शोर से तैयारियों में जुट गई हैं। साथ ही, कांग्रेस पार्टी बीते एक लंबे समय से यूपी में जर्जर हो चुके अपने संगठन को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। गांव-गरीब, किसान-नौजवान, रोजगार, अपराध-भ्रष्टाचार और मंहगाई जैसे आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी इन दिनों खुद इन मुद्दों को लेकर योगी सरकार पर हमलावर है।
 
इसी कड़ी में रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरने की कोशिश की है। प्रियंका गांधी ने फेसबुक पोस्ट करते हुए योगी सरकार से पूछा, 'भाजपा सरकार के झूठे विज्ञापनों में तो लाखों रोजगार बांटने की बात कही जा रही है। कहां बांट दिए ये रोजगार? युवा इन झूठे प्रचारों की हकीकत बता रहे हैं। हर दिन बेरोजगार युवा विरोध प्रदर्शन के जरिए उप्र सरकार से रोजगार मांगने के लिए आते हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने की बजाय पुलिसिया धौंस दे रही है।'
 
रोजगार के मुद्दे को लेकर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर युवाओं को रुलाने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने फेसबुक पोस्ट करते हुए लिखा, 'यूपी सरकार युवाओं को रोजगार के लिए रुला रही है। युवाओं की आंखों से निकला एक-एक आंसू सैलाब बनकर इस सरकार के घमंड के चकनाचूर करेगा। ढकोसलों के इतर जब सचमुच में सामाजिक न्याय लागू करने की बात आती है, तो ये सरकार बात तक सुनने को तैयार नहीं होती। युवा इसका हिसाब लेंगे।'