बरेली में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक और कार को मारी टक्कर, 9 की मौत और 3 घायल
बरेली
बरेली-भुता हाईवे पर बुधवार शाम बीसलपुर की तरफ से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक ने बरेली की ओर से आ रही मारुति वैन को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर से वैन खाई में जा गिरी। ट्रक भी खाई में पलट गया। हादसे में बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वैन में सवार सब लोग एक ही परिवार के थे। जो बरेली के अस्पताल में भर्ती अपनी रिश्तेदार को देखकर लौट रहे थे।
हादसा शाम करीब 6:30 बजे भुता में कैलाश नदी के पुल के पास हुआ। बीसलपुर रोड पर बने गोदाम में सीमेंट की बोरियां पहुंचाकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने शाहजहांपुर के बड़ा गांव के संदीप श्रीवास्तव की बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर संदीप की पत्नी ऋचा भी सवार थी। ट्रक दोनों को बाइक समेत करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद एक मोड़ के पास ट्रक ने मारुति वैन को सामने से टक्कर मार दी। वैन में सवार बीसलपुर के गयासपुर मोहल्ले के चालक मोहम्मद युनूस, हबीबुल्ला खां जनूबी मोहल्ले की अजमत बी उर्फ चुन्नी, रहमत बी, इस्मा, शीबा, सबा और हुसैन की मौत हो गई।
रुबी, दानिश और उन्मुल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्मुल दो साल की है। बाइक सवार संदीप को खुशलोक अस्पताल और उनकी पत्नी ऋचा को मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पहले ऋचा ने बाद में संदीप ने भी दम तोड़ दिया। वैन में सवार सब लोग एक ही परिवार के थे जो बरेली के डिवाइन अस्पताल में भर्ती अपनी रिश्तेदार को बेटा होने की बधाई देकर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। देर शाम डीएम-एसएसपी घटनास्थल का मौका मुआयना करने पहुंचे। अफसरों ने अस्पतालों में पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
सड़क के तीव्र मोड़ ने निगल लीं आठ जिंदगियां
फरीदपुर। बरेली बीसलपुर रोड पर भुता इलाके में कैलाश नदी का पुल है। पुल के पास सड़क पर तीव्र मोड़ है। सड़क के दोनों ओर बड़ी बड़ी झाड़ियां उग आई हैं जिससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। जिससे यहां प्रतिदिन हादसे होते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवार दंपति को टक्कर मारने के बाद ड्राइवर लोगों की भीड़ से बचने के लिए ट्रक तेज गति से दौड़ा रहा था। कैलाश नदी पुल पार करते सड़क की तीव्र मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। जिसकी वजह से उसकी वैन से टक्कर हो गई।
मरीज देखकर बरेली से लौट रहे थे वैन में सवार लोग
फरीदपुर। पीलीभीत के बीसलपुर के बड़े के रिश्तेदार महिला बरेली के निजी अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। जिसे देखने के लिए परिवार के लोगों ने वैन को किराए पर किया। वह किराए की वैन लेकर बरेली के निजी अस्पताल में रिश्तेदार महिला को देखने गए। महिला देखकर पूरा परिवार वापस लौट रहा था। कैलाश नदी के पुल पर उनकी वैन हादसे का शिकार हो गई।
बीसलपुर हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद बरेली-बीसलपुर हाइवे पर भीषण जाम लग गया। एसपी देहात और एएसपी ने पुलिस टीम के साथ जाम को खुलवाया। कई घंटे लोग जाम में जूझते रहे। हुलासनगरा क्रॉसिंग के जाम की वजह से बीसलपुर रोड पर बड़ा वाहनों का दबाव। फतेहगंज पूर्वी के हुलास नगर रेलवे क्रॉसिंग पर कई दिनों से चल रहे भीषण जाम की वजह से हाईवे के वाहनों को बीसलपुर रोड से निकाला जा रहा था। जिसकी वजह से बीसलपुर हाईवे पर वाहनों का अधिक दबाव था। भीड़ की वजह से कई दुर्घटनाएं हुई। जिनमें सबसे बड़ी दुर्घटना होने के बाद अफरा-तफरी मच गई।
bhavtarini.com@gmail.com 