बाजार पूंजीकरण मामले में इंफोसिस को पछाड़ आगे निकली TCS

 मुंबई
 सॉफ्टवेयर कारोबार से जुड़ी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस को पछाड़ 728, 597 करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार के कारोबार में टीसीएस के शेयर्स ने 1904 रुपए का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर छुआ है। इसके बाद टीसीएस और इंफोसिस के बीच का वैल्यूशन गैप और बढ़ गया।

उल्लेखनीय है कि इन दोनों कंपनियों के बीच का मार्केट कैप का गैप बढ़कर 4.4 लाख करोड़ रुपए हो गया है जो कि पांच वर्ष पहले तक 1.6 लाख करोड़ रुपए था। शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर टीसीएस का शेयर 1.13 फीसदी की बढ़त के साथ 1903 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम स्तर 1904.75 और निम्नतम स्तर 1880 रहा है। वहीं 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1904.75 और निम्नतम स्तर 1162.50 रहा है।

इसी तरह बीएसई पर इंफोसिस का शेयर 0.51 फीसदी की गिरावट के साथ 1278 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम स्तर 1301.35 और निम्नतम स्तर 1276 रहा है। वहीं, 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1358 और निम्नतम स्तर 861.50 रहा है। कंपनी की मार्केट कैप 278,923.95 करोड़ रुपए के स्तर पर है।