भारत में हाफिज सईद के खिलाफ US जैसा ऑपरेशन करने की क्षमता नहीं

भारत में हाफिज सईद के खिलाफ US जैसा ऑपरेशन करने की क्षमता नहीं

नई दिल्ली 
देश में अक्सर इस बात पर चर्चा होती रहती है कि जिस तरह पाकिस्तान में घुसकर अमेरिका ने लादेन को ठिकाने लगाया, उसी तरह की कार्रवाई भारत को भी आतंकी हाफिज सईद के खिलाफ करनी चाहिए। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का कहना है कि मुंबई हमले के गुनहगार हाफिज सईद को टारगेट करने की क्षमता भारत में कभी भी नहीं थी।  


 रिपोर्ट के मुताबिक चिंदबरम का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ घंटे पहले ही आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने कहा था कि मुंबई हमले के दोषियों का खात्मा करने के लिए भारत में भी US के ओसामा जैसे ऑपरेशन की क्षमता है। ऐसे में चिदंबरम का यह बयान कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। 

'तब हाफिज कराची में सेफ हाउस में था' 
दिग्गज कांग्रेसी नेता ने कहा कि मुंबई हमले के फौरन बाद हाफिज सईद कराची में सेफ हाउस में था और अब वह खुलेआम घूमता है लेकिन हमारे पास पाकिस्तान के एबटाबाद में ओसामा के खिलाफ हुए अमेरिकी ऑपरेशन की तरह उसे (हाफिज) टारगेट करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'हमारे पास तब (2008 में) यह क्षमता नहीं थी और मुझे आश्चर्य होगा अगर हमारे पास आज यह हो। अगर हमने कोशिश की होती तो हम नाकाम होते और इससे एक बड़ा झटका लगता।'