मस्जिद की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, कई घायल
मेरठ
मेरठ में लिसाड़ी गेट क्षेत्र में अहमदनगर गली-9 स्थित मोहम्मदी मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर जुमे की नमाज के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बनाई जा रही दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से दो नमाजियों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद यहां चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोग और नमाजियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान हापुड़ रोड के अस्पताल में उपचार नहीं करने का आरोप लगाकर भीड़ ने हंगामा कर दिया। हादसे की जानकारी पर शहर विधायक, एसपी सिटी, एडीएम सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर दौड़े। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मोहम्मदी मस्जिद में शुक्रवार दोपहर करीब 1.20 बजे नमाज के लिए लोग पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर निर्माणाधीन दीवारों पर तिरपाल बांधकर बारिश से बचने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान दबाव बढ़ा तो कमजोर दीवारें और छज्जा भरभराकर नीचे चौक में जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद को दौड़े। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। हापुड़ रोड स्थित मुस्कान अस्पताल में घायल मोहम्मद इमरान को लेकर लोग पहुंचे। लोगों ने उपचार नहीं करने का आरोप लगाकर यहां बवाल कर दिया।
bhavtarini.com@gmail.com 
