मितानिनों के निवेदन पर स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में शिरकत करने कलेक्टर ने दी स्वीकृति
गरियाबंद
जिला स्तर पर आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचीं मितानिनों ने कलेक्टर को स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में शिरकत करने का निवेदन किया, जिस पर कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने सहर्ष स्वीकार करते हुए इसमें शामिल होने का आश्वासन दिया। इसके अलावा ग्राम सहसपुर से आए ग्रामीणों के आवेदनों की अधिकता को देखते हुए उन्होंने यहां पर शिविर लगाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए। आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कुल 121 आवेदन प्राप्त हुए।
छुरा विकासखण्ड के ग्राम कुकदा से आए दिव्यांग आवेदक श्री कोमलचंद वर्मा ने दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन राशि की मांग कलेक्टर जनदर्शन में की। गरियाबंद ब्लॉक के ग्राम रावनसिंघी निवासी श्रीमती फुलेश्वरी सिन्हा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन स्वीकृत करने की मांग की। इसी ग्राम के श्री रामाधार सिन्हा ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्माण किए गए शौचालय की राशि अब तक प्राप्त नहीं होने की शिकायत करते हुए शेष राशि दिलाने की मांग कलेक्टर से की, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को भुगतान के लिए निर्देशित किया। फिंगेश्वर ब्लॉक से पहुंचे आवेदक श्री श्यामलाल और श्रीमती परागा बाई खुंटे ने संगठित कर्मकार मण्डल के तहत श्रमिक पंजीयन कार्ड बनवाने के लिए अर्जी लगाई। इसी तरह फिंगेश्वर के ग्राम बेलटुकरी निवासी श्रीमती मोंगराबाई साहू ने श्रम विभाग की योजना के तहत ई-रिक्शा स्वीकृत करने आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत पाण्डुका से कलेक्टर जनदर्शन में आए आवेदक श्री अजीज खान ने पाण्डुका में कब्रिस्तान के लिए प्रस्तावित घास भूमि को यथाशीघ्र आबंटित करने की मांग की।
इसी प्रकार विकासखण्ड छुरा के ग्राम मेड़कीडबरी के ग्रामीण श्री लखनसिंह ध्रुव ने छात्रवृत्ति की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की त्वरित जांच करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम खुड़ियाडीह के श्री गणेशराम सोनी तथा ग्राम रावणभाठा के श्री पुष्पक जगत ने मुख्यमंत्री आबादी पट्टा योजनांतर्गत पट्टा दिलवाने की मांग की। ग्राम पोंड़ निवासी श्री अर्जुनदास मानिकपुरी चिटफंड कम्पनी में जमा राशि को वापस दिलवाने के लिए कलेक्टर के सम्मुख गुहार लगाई। गरियाबंद ब्लॉक के ग्राम कुर्राबाहरा की श्रीमती सोनबाई गोंड़ ने वन अधिकार पट्टा के लिए आवेदन दिया।
राजिम निवासी श्री पुनूराम केंवट ने भू-राजस्व की नकल निकलवाने के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया। देवभोग के ग्राम गिरसुल निवासी श्री गौरव कश्यप ने दिव्यांग आवेदक के लिए लैपटॉप प्रदान करने अर्जी लगाई। इसके अलावा कमारपारा पाटसिवनी में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में अहाता निर्माण की मांग की। दादरगांव छुरा के श्री रामकुमार यादव ने बकरी शेड निर्माण की मांग की। जनदर्शन में आई ग्राम पंचायत चुरकीदादर की सरपंच श्रीमती दुरपती यादव ने आवेदन देकर जलकीपानी के भुंजियापारा में बड़े झाड़ के जंगल को आबादी घोषित करने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने वन मण्डलाधिकारी को आवेदन अग्रेषित कर नियमानुसार उचित कार्रवाई के लिए टीप लिखा। कलेक्टर जनदर्शन में अधिकांश आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सूची में नाम शामिल कराने, पेंशन स्वीकृत करने तथा राशन कार्ड बनवाने की मांग से संबंधित थे। इस अवसर पर डी.एफ.ओ. श्री राजेश पाण्डेय सहित विभिन्न विभाग के अधिकारीगण मौजूद थे।
bhavtarini.com@gmail.com 
