यूपी BJP अध्यक्ष बनते ही स्वतंत्र देव सिंह ने बनाई ये रणनीति

यूपी BJP अध्यक्ष बनते ही स्वतंत्र देव सिंह ने बनाई ये रणनीति

लखनऊ 
बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) ने कहा है कि वह पार्टी के मूलमंत्र सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी को आगे बढ़ाएंगे। सदस्यता अभियान को गति देते हुए बड़ी तादाद में अल्पसंख्यक समाज के साथ ही जाटव और यादव जाति के लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। मिशन 2022 उनकी तैयारियों के केंद्र में रहेगा। 

गुरुवार को 'हिन्दुस्तान' से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सभी वर्ग से छूटे हुए लोगों को पार्टी से जोड़ना है। पिछड़ों और दलितों के बीच पार्टी की पैठ और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों के लोगों को मिल रहा है। जनता के बीच केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता अभियान का हिस्सा बनाएंगे। 

 36 लाख नये सदस्य बनाने का लक्ष्य: सिंह ने कहा कि 2014 लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में चले सदस्यता अभियान में 1.80 करोड़ सदस्य बनाए गए थे। अब उनका लक्ष्य इसमें 20 फीसदी का इजाफा करना है यानी 36 लाख नये सदस्य पार्टी से जोड़ेंगे। प्रदेश में इस समय सदस्यता अभियान चल रहा है जो 11 अगस्त तक चलेगा। 

2022 को ध्यान में रखकर संगठन को मजबूत करेंगे: सिंह ने कहा कि संगठन के स्तर पर उनकी पूरी तैयारी मिशन 2022 के लिए रहेगी। संगठन को मजबूत किया जाएगा। नए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।