योगी आदित्यनाथ ने हाथ में थामा गदा, कहा- जो गलती विस चुनाव में हुई वह लोकसभा में नहीं दोहराना

अंबिकापुर
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार को अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान में चुनावी सभा हुई। सीएम का स्वागत फुलमालाओं के साथ हुआ। वहीं कार्यकर्ताओं ने उनके हाथ में गदा थमाया। मंच से सीएम योगी ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां की कानून व्यवस्था पिछले 4 महीने में ही ध्वस्त होती जा रही है। नक्सली सिर उठाने लगे हैं। माफिया प्रवृत्ति हावी होने लगी है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जो गलती विधानसभा चुनाव में आपलोग कर चुके हैं वह लोकसभा में न दोहराना। आपलोग का भाजपा के पक्ष में किया गया एक-एक वोट पीएम मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएगा। उन्होंने मंच से मोदी है तो मुमकीन है के नारे भी लगवाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभा में उपस्थित जनता को नवरात्र की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल रहा है। यह कोई संयोग नहीं है। अपने 14 वर्ष के वनवास के दौरान भगवान श्रीराम यहां आए थे। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे लोग भी हैं जो सुप्रीम कोर्ट में शपथ देकर कहते हैं कि भगवान राम का अस्तित्व नहीं है।
ये लोग भगवान राम के अस्तित्व को नकारकर देश की एकता और अखंडता को नकार रहे हैं। राम सेतु को ढहाने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि सेतु प्राकृतिक ढांचा मात्र है। ऐसे लोगों से बदला लेने का समय आ गया है, इन्हें बताना होगा कि भगवान श्रीराम का अस्तित्व है।
उन्होंने कहा कि भारत देश हजारों वर्षों से बनाया गया है, इसे कांग्रेस ने नहीं बनाया है। श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने का काम वर्तमान में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार कर रही है। कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर निवर्तमान सांसद कमलभान सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी, जिपं अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज, निगम में नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा, अंबिकेश केशरी, भारत सिंह सिसोदिया, संतोष दास, निश्चल प्रताप सिंह, विकास वर्मा, निरंजन राय, संदीप सोनी सहित काफी संख्या में भाजपा-भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अराजकता की स्थिति हो रही निर्मित
योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 3 महीने में ही यहां की जनता की भावनाओं को कुचलने का प्रयास शुरु हो चुका है। डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में सभी के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही थीं, जिसे अब यह सरकार बंद कर रही है।
आयुष्मान भारत को कांग्रेस ने गरीबों से छीनने का प्रयास किया है। कांग्रेस की सरकार में माफिया प्रवृत्ति पैर पसार रहा है। उन्होंने केंद्र की कांग्रेस सरकार के कई घोटाले गिनाते हुए कहा कि अब छत्तीसगढ़ भी घोटाले की सरकार बन रही है। ऐसे में यहां अराजकता की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।
देशद्रोहियों के साथ कांग्रेस का हाथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र ऐसा लगता है कि कांगे्रस का हाथ देशद्रोहियों के साथ। इसी का दुष्परिणाम है कि यहां नक्सलियों ने फिर से सिर उठाना शुरु कर दिया है। पिछले दिनों भाजपा विधायक की नक्सलियों द्वारा की गई हत्या इसी का परिणाम है।