राजमाता सिंधिया की बहन पूर्व विधायक सुषमा सिंह का निधन
ग्वालियर
राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बहन और पूर्व विधायक सुषमा सिंह का सोमवार की रात 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पिछले कई दिनों से वे बीमार चल रही थी। उनकी अंतिम यात्रा आज मंगलवार दोपहर महाराणा प्रताप नगर स्थित निवास से आरंभ होगी। अंतिम संस्कार विवेकानंद नीड्म के पास मुक्तिधाम में किया जाएगा।
सुषमा सिंह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रही थी। उन्होंने 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होने शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा से चुनाव जीता था।वह जनता पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष, करैरा से विधायक, एएमआई शिशु मंदिर की प्राचार्य रह चुकी थी। वे एक संगीतज्ञ और शिक्षाविद् के तौर पर भी पहचानी जाती हैं।
इलाहाबाद विवि में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर उनके सहपाठी थे। उनके पति दिवंगत धर्मेंद्र बहादुर सिंह एमआईटीएस के सचिव रहे हैं। 28 अगस्त 1932 को उरई उत्तरप्रदेश में जन्मी सुषमा सिंह यहां एएमआई शिशु मंदिर में वर्षों तक प्राचार्य रहीं। उन्होंने द सिंधिया स्कूल फोर्ट में तीन वर्ष तक अध्यापन कार्य किया। संगीत में उनकी दिलचस्पी थी। इसके चलते उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो से गायन में ए ग्रेड कलाकार की दक्षता प्राप्त की थी। उनके दो बेटे अनुराग सिंह और विवेक सिंह हैं। विवेक सिंह न्यूजीलैंड में और अनुराग सिंह ग्वालियर में रहते हैं।
bhavtarini.com@gmail.com

