राष्ट्रपति के आदेश पर दिल्ली यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर योगेश त्यागी सस्पेंड

राष्ट्रपति के आदेश पर दिल्ली यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर योगेश त्यागी सस्पेंड

नई दिल्ली
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आदेश पर दिल्ली यूविर्सिटी के वाइस चांसलर योगेश त्यागी को बुधवार को सस्पेंड कर दिया है। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति ने त्यागी पर लगे कर्तव्य पालन में लापरवाही के आरोपों की जांच का भी निर्देश दिया है। यह कदम ऐसे वक्त में आया है जब इस केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्ता संघर्ष चल रहा है।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि त्यागी पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके, इसके लिए यूनिवर्सिटी के विजिटर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इससे वह सबूतों से छेड़छाड़ या गवाहों को प्रभावित करने में सक्षम नहीं रहेंगे।

अधिकारी ने बताया, 'मेडिकल लीव के दौरान योगेश त्यागी की तरफ से दिए गए सभी आदेश या उनकी मंजूरी से निकले आदेश रद्द कर दिए गए हैं। उन्हें शून्य माना जाएगा।' त्यागी 2 जुलाई से ही छुट्टी पर हैं जब उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। सरकार ने 17 जुलाई को प्रो-वीसी पीसी जोशी को तब तक के लिए वाइस चांसलर का चार्ज दिया था, जब तक वह छुट्टी से नहीं लौटते हैं।