लखनऊ के प्रभात भारत की तरफ से इंग्लैण्ड में खेलेंगे

लखनऊ।
राजधानी जल्द ही एक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का चेहरा देखने जा रही है। बीसीसीआई ने इंग्लैण्ड दौरे पर जाने वाली अण्डर-19 भारतीय टीम में लखनऊ के मीडियम पेसर प्रभात मौर्या को चुना है। प्रभात मौर्या का चयन रसिक खान की जगह किया गया। रसिक खान को उम्र में हेरफेर करने के आरोप में बीसीसीआई ने दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। अपने चयन से प्रभात बेहद खुश हैं। वर्ल्ड कप खत्म होने के पांच दिन बाद यानी 21 जून से इंग्लैण्ड में त्रिकोणीय अण्डर-19 सीरीज शुरू होने वाली है। इसमें भारतीय टीम हिस्सा लेगी।
राजधानी में कल्याणपुर के रहने वाले प्रभात मौर्या प्रभात मौर्या पिछले आठ वर्षों से राजधानी में मो. वसी (पक्कू भाई) की अवध टाइगर अकादमी में खेल रहे थे। वह तेज गेंदबाज और मध्यक्रम के उम्दा बल्लेबाज हैं। राजधानी के कई टूर्नामेंट में उन्होंने उम्दा प्रदर्शन किया। सात साल उम्दा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें यूपीसीए की किसी भी टीम में जगह नहीं मिली। तो उन्होंने 2017 में बंगाल से खेलने का फैसला किया। बंगाल में अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर उन्होंने पानीहाटी अकादमी में दाखिला लिया। बंगाल ने अपने राज्य की तरफ से वीनू मांकड ट्रॉफी खिलाई। इसमें उन्होंने हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में 14 विकेट लिए और 135 रन बनाए।
नतीजा यह हुआ कि प्रभात का चयन बीसीसीआई ने अण्डर-19 चैलेंजर्स ट्रॉफी के लिए टीम का चयन हुआ। इसमें चयनकर्ताओं ने प्रभात का चयन भारत-यलो टीम में किया। यह टूर्नामेंट पिछले साल नवम्बर में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुआ था। इसके बाद उनका चयन भारत अण्डर-19 टीम में हुआ। इस टीम ने भारत में ही अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के साथ त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा लिया।
प्रभात को पूर्व कोच मो. वसी ने बताया कि वह एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। स्थानीय क्रिकेट में ही उसके देश के के लिए खेलने के लक्षण दिखने लगे थे। वह बहुत मेहनती है। उसने अकादमी में आते ही कह दिया था कि उसे देश के लिए खेलना है।
वहीं प्रभात मौर्या ने बताया कि उनके पिता आरके मौर्या उत्तर प्रदेश पुलिस (वायरलेस) में कार्यरत हैं। प्रभात बताते हैं कि उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि वह कहां से खेल रहे हैं। उन्हें उम्दा प्रदर्शन करना है। उनका लक्ष्य टीम इण्डिया है। इसकी शुरुआत हो गई है। उन्हें पूरा भरोसा है कि वह एक दिन सीनियर टीम में जरूर दाखिल होंगे।
भारतीय अण्डर-19 टीम की कमान भी यूपी के खिलाड़ी को
इंग्लैण्ड दौरे पर जाने वाली भारतीय अण्डर-19 टीम की कमान भी उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली क्रिकेटर प्रियं गर्ग को सौंपी गई है। प्रियं ने पिछले रणजी सीजन में कमाल दिखाया था। उन्होंने अपने पहले ही प्रथम श्रेणी मैच शतक जमाया। उन्होंने पिछले रणजी सत्र में आठ सौ से ज्यादा रन बनाए। इस टीम में उत्तर प्रदेश के ध्रुव चंद जुरेल, समीर रिजवी, पूर्णांक त्यागी भी हैं।