लखनऊ पश्चिम से भाजपा विधायक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव का कोरोना से निधन

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायक विधायक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेताओं में शुमार सुरेश श्रीवास्तव लखनऊ पश्चिम सीट से विधायक थे। कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सुरेश श्रीवास्तव अस्पताल में भर्ती थे। जहां शुक्रवार शाम को उन्होंने दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के औरैया सदर से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर का भी शुक्रवार को कोरोना से ही निधन हो गया है। सुरेश चंद्र श्रीवास्तव के कोरोना संक्रमित होने के बाद पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। बीते एक हफ्ते से वो वेंटिलेटर पर थे। सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी और बेटे की भी तबीयत खराब है और दोनों पीजीआई में भर्ती हैं।
सुरेश श्रीवास्तव के निधन पर केंद्रीय रक्षामंत्री समेत राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई नेताओं ने गम का इजहार किया है। राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा है- लखनऊ शहर से विधायक एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश श्रीवास्तव के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सादगी, सरलता और उनकी कर्मठता अपने आप में एक मिसाल थी। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।