शिक्षक दिवस के मौके पर राज्य के 17 शिक्षकों को राजकीय पुरस्कार से किया गया सम्मानित

पटना
बिहार की राजधानी पटना में स्थित एसकेएम हॉल में शिक्षक दिवस के अवसर पर 17 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले 17 शिक्षकों को राजकीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 

राजकीय पुरस्कार से सम्मानित करने वाले शिक्षकों में प्राथमिक और मध्य स्कूलों के 14 और हाई तथा प्लस टू स्कूल के तीन शिक्षक शामिल हैं। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सुशील ने कहा कि देश में बिहार पहला राज्य है जहां 1 करोड़ 20 लाख छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए साइकिल दिया गया है। बिहार में प्रतिवर्ष 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों को पोशाक दिया जाता है। 

सुशील मोदी ने कहा कि बिहार सरकार इस वर्ष से किसी भी श्रेणी में इंटर पास करने वाली छात्राओं को प्रति छात्रा 10 हजार रूपए प्रदान करेगी। राज्य सरकार इंटर पास करने के बाद ग्रेजुएशन पूरा करने वाली छात्राओं को प्रति छात्रा 25 हजार रूपए प्रदान करेगी। सरकार ने शिक्षकों की नियुक्ति में लड़कियों के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान किया है। पहले राज्य में महिला शिक्षकों की संख्या 19% थी, जो बढ़कर 40% हो गई है।