शिक्षा नीति : कम्प्यूटर और तकनीकी को बढ़ावा देने और प्रोफेशनल स्किल के आधार पर शिक्षा देने की तैयारी

शिक्षा नीति : कम्प्यूटर और तकनीकी को बढ़ावा देने और प्रोफेशनल स्किल के आधार पर शिक्षा देने की तैयारी

भोपाल
नई शिक्षा नीति में कम्प्यूटर और तकनीकी को बढ़ावा देने और प्रोफेशनल स्किल के आधार पर शिक्षा देने की तैयारियों के बीच केंद्र सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों को दिल्ली से सीधे नेटवर्किंग से जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इसके लिए राज्य सरकार को स्कूलों में फाइबर टू द होम सिस्टम के जरिये यह व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए अधिकृत किया है।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग के निर्देश के बाद प्रदेश भर के स्कूलों में हाईस्पीड इंटरनेट के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त लोक शिक्षण ने सभी डीईओ से कहा है कि विकासखंड शिक्षा कार्यालय और शासकीय स्कूलों में फाइबर टू द होम कनेक्शन निशुल्क किए जाने हैं। भारतनेट की यह सुविधा शुरू करने के लिए सेंट्रल सर्विस सेंटर (सीएससी), इलेक्ट्रानिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रदेश भर में यह काम किया जाएगा ताकि हाईस्पीड इंटरनेट मिल सके। जिला शिक्षा अधिकारी को जिले में काम कराने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।

हायर सेकेंडरी और हाईस्कूल के लिए एडीपीसी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। ये अधिकारी अपने अधीनस्थ विद्यालयों के प्राचार्यों को सेंट्रल सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों के मौके पर जाने की स्थिति में कनेक्शन और अन्य सेवाओं के लिए सहयोग करने को बाध्य होंगे।

इधर एमपी में केंद्र सरकार की इस नई तैयारी के बीच स्कूलों की संख्या कम करने की तैयारी चल रही है। स्कूल शिक्षा विभाग इस कवायद में जुटा है। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पिछले दिनों शिक्षा पर वेबिनार के दौरान कहा है कि कम से कम स्कूल खोलकर अच्छी शिक्षा दी जा सकती है। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए यह कोशिश चल रही है।

जिस एफटीटीएच के जरिये स्कूलों को जोड़ने की तैयारी है वह मुकेश अंबानी के रिलायंस जियो का प्लान है। इसे रिलायंस जियो ने दो साल पहले जियो गीगा फाइबर के जरिये लांच किया था। जियो गीगा फाइबर, फाइबर टु द होम यानी एफटीटीएच पर आधारित है। एफटीटीएच का मतलब है कि अगर आपको इंटरनेट सर्विस चाहिए तो आपके घर तक एक केबल दिया जाएगा। अभी जिस केबल से इंटरनेट मिलता है वो इस स्पीड इंटरनेट देने लायक नहीं होते। एफटीटीएच की वजह से स्पीड भी मिलेगी। इस सर्विस के लिए यूज की जाने वाली केबल दूसरों के मुकाबले फास्ट कनेक्टिविटी प्रोवाइड करती है।