शिवराज तमीज से बात करते हैं, मोदी को तमीज से बोलना नहीं आता : राहुल

शिवराज तमीज से बात करते हैं, मोदी को तमीज से बोलना नहीं आता : राहुल

सागर

 कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को सागर, दमोह और टीकमगढ़ में चुनावी सभाएं कीं। चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी और शिवराज सरकार पर जमकर हमला किया। दमोह की रैली में संबोधित करते हुए राहुल ने कहा- 'मोदी और शिवराज में एक फर्क है। शिवराज जी तमीज से बोलते हैं और नरेंद्र मोदी जी तमीज से बोलना नहीं जानते हैं। दुख होता है कि वो देश के प्रधानमंत्री हैं, उन्हें देश की जनता ने चुना है, लेकिन मैं उनके खिलाफ एक भी शब्द गलत नहीं बोलूंगा।'

राहुल गांधी ने कहा कि शिवराज जी से हम लड़ रहे हैं खुलकर और भयंकर लड़ाई हो रही है। मगर वो तमीज से बोल रहे हैं। फर्क है दोनों में। आप कहेंगे राहुल गांधी चीफ मिनस्टर की प्रशंसा कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई है तो बोलना पड़ेगा। भ्रष्टाचार जरूर किया है पर उन्होंने विकास नहीं किया, लेकिन व्यक्ति तमीज से बात करता है।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने कहा था कि देश की हर महिला को गैस सिलेंडर दूंगा। वो दोगुने दाम पर गैस सिलेंडर देते हैं लेकिन केरोसिन छीन लिया,पेट्रोल मंहगा करके पूरा पैसा नीरव मोदी को दे दिया। वो देश के 15- 20 उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाते हैं। नीरव मोदी 35000 करोड़ लेकर भाग जाता है। विजय माल्या अरुण जेटली से मिलकर जाता है। जब मोदी सरकार 15 उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ माफ कर सकती है, तो हम किसानों का कर्ज़ माफ़ क्यों नहीं कर सकते? 

राहुल गांधी ने कहा कि मैं बुंदेलखंड की परेशानियों से अच्छी तरह से वाकिफ हूं। भाजपा सरकार विकास की बात करती है। सड़कों की बात करती है, लेकिन हकीकत में पिछली एनडीए की सरकार से ज्यादा तेजी से विकास यूपीए सरकार के समय हुआ था। मैं एक बात आपको बता दूं कि इस राज्य के लोगों ने मन बना लिया है कि शिवराज चौहान की सरकार गई और कुछ ही महीने में 56 इंच वाले चौकीदार की सरकार भी जाने वाली है। अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो कांग्रेस का मुख्यमंत्री युवाओं को रोज़गार देने के लिए 18 घंटे काम करेगा।