सख्ती से लागू होगा वीकएंड कर्फ्यू: दिल्ली पुलिस

सख्ती से लागू होगा वीकएंड कर्फ्यू: दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के चलते इस शनिवार और रविवार को कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। दिल्ली में आज रात आठ बजे से 19 अप्रैल यानी सोमवार सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान कुछ जरूरी सेवाएं ही चलेंगी। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सख्ती से कर्फ्यू का पालन कराया जाएगा। वहीं मेट्रो में भी फेरों के बीच समय को बढ़ा दिया गया है। मदर डेयरी की ओर से कहा गया है कि हमारी सेवाएं जरूरी सेवाओं में आती हैं। हम अपनी सेवाएं पहुंचाते रहेंगे।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस एन श्रीवास्तव ने कहा है कि पुलिस सख्ती से वीकएंड कर्फ्यू लागू कराएगी, पूरी दिल्ली में पुलिस पेट्रोलिंग लगी रहेगी। कोई भी व्यक्ति जब तक ये साबित नहीं कर देता कि वो जरूरी सेवाओं के लिए जा रहा है, उसको जाने नहीं दिया जाएगा, उल्लंघन करने के लिए उसको गिरफ़्तार ​भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरी सेवाओं के लिए दिल्ली पुलिस ने ई-पास जारी किए हैं। वहीं मेडिकल इमरजेंसी, सब्जी विक्रेता और पत्रकारों आने जाने की छूट होगी।

मेट्रो का समय बदला
वीकएंड कर्फ्यू के दौरान मेट्रो सेवा चालू रहेगी लेकिन मेट्रो की फ्रीक्वेंसी में बदलाव किया गया है। दो मेट्रो के बीच समय बढ़ा दिया गया है। दिल्ली मेट्रो ने कहा कि कर्फ्यू के मद्देनजर 17 और 18 अप्रैल को मेट्रो सेवाएं सभी लाइन पर 15 मिनट के अंतराल में उपलब्ध होंगी। ब्लू लाइन के नोएडा-वैशाली और ग्रीन लाइन के इंद्रलोक-कीर्ति नगर सेक्शन में 30 मिनट तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ सकता है।