सतना : नागौद विधायक के बेटे के तिलकोत्सव के लिए दो दिन बंद रही मंडी

सतना
 सतना के नागौद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक यादवेन्द्र सिंह ने अपने बेटे के तिलकोत्सव कार्यक्रम के आयोजन के लिए नागौद कृषि मंडी में कब्जा कर लिया। बुधवार को विधायक के बेटे का तिलकोत्सव कार्यक्रम भी संपन्न् हो गया। कार्यक्रम के आयोजन के दो दिन पहले से ही नागौद विधायक ने कृषि मंडी में कब्जा कर लिया था और कार्यक्रम की तैयारी करवाने में जुटे रहे।

हालांकि कार्यक्रम के लिए विधायक ने जिला प्रशासन से अनुमति जरूर मांगी थी। इस पर मंडी सचिव महेन्द्र शुक्ला ने 3 शेड में कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति दी थी। लेकिन विधायक ने पूरे मंडी परिसर में कब्जा कर कार्यक्रम का आयोजन कर डाला। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

एक तरफ विधायक अपने बेटे के तिलकोत्सव कार्यक्रम कराने में व्यस्त रहे तो वहीं दूसरी ओर किसान मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्राली में अनाज लादकर खड़े रहे। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मामले में विरोध जताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में बारिश कब हो जाए, इसका पता नहीं रहता है। फिर भी कांग्रेस विधायक ने दो दिनों तक मंडी में कब्जा कर रखा था।

इनका कहना है

कार्यक्रम के आयोजन के लिए 3 शेड की अनुमति दी गई थी। यह बात सच है कि किसान परेशान हुए हैं। मैंने उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया है।

-महेन्द्र शुक्ला, मंडी सचिव

मेरे बेटे का तिलकोत्सव कार्यक्रम था। लोगों की संख्या अधिक थी जिसकी वजह से जगह कम पड़ रही थी। मामले को बिना वजह राजनीतिक तूल दिया जा रहा है।

-यादवेन्द्र सिंह, विधायक नागौद