सागर: वहशी बना पति, पत्नी को पेट्रोल डालकर लगाई आग
गढ़ाकोटा
सागर जिले के गढ़ाकोटा के बाजार वार्ड में एक युवक ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया है।
गढ़ाकोटा थाने के एसआई दशरथ दुबे के मुताबिक, मूलत: कुमरई गांव का निवासी सत्यनारायण पटेरिया पत्नी वंदना और दो बच्चों के साथ गढ़ाकोटा के बाजार वार्ड में जनकपुरी मंदिर के पास किराए से रहता है। शनिवार देर शाम सत्यनारायण और वंदना के बीच विवाद हुआ।
इसमें सत्यनारायण ने वंदना पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और उसे जलता छोड़कर भाग गया। वंदना की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे गढ़ाकोटा स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तहसीलदार संगीता महतो ने वंदना के बयान लिए हैं। वंदना की रिपोर्ट पर सत्यनारायण के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
bhavtarini.com@gmail.com 
