सुरक्षा बलों के निशाने पर नक्सली 

नई दिल्‍ली            
आने वाले दिनों में नक्‍सलियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. दरअसल, देश की सुरक्षा एजेंसियां मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर की लिस्ट बनाकर उनके खिलाफ जल्द ही बड़ा ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी कर रही हैं. सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी है. जानकारी के मुताबिक ऑपरेशन प्रहार-3 के तहत उन बड़े नक्सलियों को निशाना बनाने की तैयारी है जो भोले-भाले युवाओं का ब्रेनवॉश कर उनको नक्सल गतिविधियों में शामिल करने के लिए उकसाते हैं. सुरक्षा बलों ने जो टॉप 20 की लिस्ट जारी की है उसमें PLGA-1 का सबसे बड़ा कमांडर हिडमा भी शामिल है. इसके बारे में सुरक्षा बलों को हाल ही में पता चला है कि वह सुकमा के जंगलों में छिपकर सुरक्षा बलों को निशाना बना सकता है.

सूत्रों के मुताबिक इस लिस्ट में सिर्फ हिडमा ही नहीं बल्कि कई दूसरे नक्सली लीडर भी शामिल हैं. लिस्ट में मुप्पला लक्मना राव को सुरक्षा बलों ने टॉप लिस्ट में शामिल किया है. जानकारी के मुताबिक ये नक्सली कमांडर इस समय छत्तीसगढ़ के माड़ इलाके में अपनी गतिविधियों को चला रहा है. वहीं दूसरी तरफ प्रशांत बोस नामक नक्‍सली झारखंड के पास मौजूद सारंडा के जंगलों में अपनी गतिविधियों को अंजाम देने में जुटा है. सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक जल्द ही ये नक्सली या तो सरेंडर करेंगे या फिर उसको ऑपरेशन प्रहार के तहत ढेर किए जाएंगे.