हमेशा बुरे नहीं होते पीले दांत, समुद्रशास्त्र में बताई गई हैं ये खूबियां

समुद्र शास्त्र वैदिक ज्योतिष का वह भाग है, जो मनुष्य की शारीरिक बनावट के आधार पर उसके स्वभाव और भविष्य से जुड़ी बातें बताता है। समुद्र शास्त्र की रचना स्वयं भगवान कार्तिकेय ने की है। लेकिन समुद्र देव द्वारा इसे समाज कल्याण के लिए सहेजा गया, इसलिए इसे समुद्र शास्त्र कहा जाता है। आइए, आज जानते हैं कि मनुष्य के दांतों की बनावट के आधार पर कैसे उसके स्वभाव के बारे में जाना जा सकता है…
छोटे दांतवाले लोग
समुद्र शास्त्र में कहा गया है कि जिन लोगों के दांत सामान्य से छोटे होते हैं, ये लोग अपने काम बनाना जानते हैं। ऐसे लोग तीव्र बुद्धिवाले और काफी भरोसेमंद भी होते हैं।
बड़े और बाहर निकले हुए दांत
जिन लोगों के दांत बड़े होते हैं और बाहर की तरफ निकले हुए होते हैं, ऐसे लोग दूसरों से अपनी बात मनवाना जानते हैं। इन्हें पता होता है कि अपना काम कैसे निकालना है। सामान्यतौर पर इनका स्वभाव हंसमुख होता है। लेकिन जरा-सी बात पर गुस्सा सांतवें आसमान पर भी जा सकता है।
सामान्य दांत
जिन लोगों के दांत सीधे, सामान्य लंबाई वाले होते हैं, ऐसे लोगों के बारे में समुद्र शास्त्र में कहा गया है कि ऐसे लोग मिलनसार होते हैं। समाज में अपनी जगह बनाकर चलना इन्हें आता है। आमतौर पर ये अपना व्यवसाय करते हैं। ये लोग दिखावा पसंद होते हैं और दिखावटी चीजों के प्रति जल्दी आकर्षित भी होते हैं।
सुडोल, सुंदर और आकर्षक दांत
सफेद, सही बनावट वाले और सुंदर दांतों के लोग बहुत भाग्यशाली माने जाते हैं। इनका स्वभाव बहुत मृदुल होता है। ये दोस्तों और रिश्तेदारों का भरोसा आसानी से जीत लेते हैं और उसे कायम रखने का प्रयास भी करते हैं। ये खुद भी जल्दी ही दूसरे लोगों पर भरोसा कर लेते हैं।
पीले दांत और स्वभाव
जिन लोगों के दांत पीले होते हैं, समुद्र शास्त्र के अनुसार, ऐसे लोग बहुत ही अच्छे स्वभाव के होते हैं। अपने स्वभाव की खूबियों के चलते ही ये दूसरे लोगों से अपने काम निकलवा लेते हैं। कई बार ये कुछ स्वार्थी भी हो जाते हैं। ऐसे लोगों में देखा गया है कि इनका स्वास्थ्य आमतौर पर नाजुक रहता है। इन्हें पेट से संबंधित समस्या की आशंका रहती है।
काले और बेतरतीब दांत
समुद्रशास्त्र कहता है कि जिन लोगों के दांत कुछ कालापन लिए हुए हों उनसे संभलकर व्यवहार करना चाहिए क्योंकि यह छोटी-छोटी बातों को मुद्दा बनाकर उलझ सकते हैं। अगर दांत बेतरतीब भी हों तो ऐसे व्यक्तियों में किसी की चीज को देखकर उसे पाने की लालसा अधिक होती है और यह लोगों से किसी भी तरह अपना काम निकलवाना जानते हैं।
सफेद लेकिन तिरछे दांत
जिन लोगों के दांत रंग में सफेद या हल्के पीले हों लेकिन सीधे न होकर बेतरतीब हों तो ऐसे लोगों को अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे लोगों पर किसी बड़े काम के लिए भरोसा करने से बचना चाहिए।
दोहरे दांत और संकेत
अगर किसी व्यक्ति के दांतों के ऊपर दांत निकल गए हों तो ऐसे व्यक्ति बहुत साहसी माने जाते हैं। इनका जीवन सुखद रहता है और अपनी मेहनत के बल पर ये बहुत कुछ प्राप्त कर लेते हैं। जिन महिलाओं के दांत इस तरह के होते हैं, वे अन्य महिलाओं कि तुलना में अधिक चतुर होती हैं।