विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के बीच हुआ एमओयू
जयपुर। राज्य सरकार के कौशल विकास मिशन की दिशा में कदम उठाते हुए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) और जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के बीच बुधवार को एमओयू किया गया। भावी मीडिया पेशेवरों के कौशल विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शासन सचिवालय, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव राकेश शर्मा और स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के निदेशक डॉ. मौलिक शाह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य मीडिया के क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें सरकारी संचार एवं जनसंपर्क की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
एमओयू के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, शैक्षणिक भ्रमण, विशेषज्ञों के साथ संवाद और व्यावसायिक मार्गदर्शन के अवसर उपलब्ध कराएगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को विभाग की प्रकाशन गतिविधियों, डिजिटल संचार, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता अभियानों तथा जनसंपर्क की विभिन्न कार्यप्रणालियों को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में मीडिया उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के साथ ही जिम्मेदार जनसंचार की समझ को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त राकेश शर्मा ने कहा, "सूचना एवं जनसंपर्क विभाग युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को कक्षाओं से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग के अनुभवी अधिकारियों एवं संचार विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जनसंपर्क और सरकारी संचार की कार्यप्रणाली समझने में मदद मिलेगी। ऐसे संस्थागत सहयोग से विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल का विकास होगा तथा शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी संचार व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।"
इस दौरान स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने आयुक्त को जयपुर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पुस्तक Cultural Odyssey of Rajasthan भेंट की। आयुक्त शर्मा ने पुस्तक की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मकता, शोध एवं दस्तावेजीकरण क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्कूल ऑफ मीडिया स्टडीज की व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति की भी सराहना की तथा विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए विभाग की ओर से निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com

