अब ई-आवेदन करने पर ही बिजली कनेक्शन, उपभोक्ता को होगी महाबचत
भोपाल
राजधानी में बिजली के कनेक्शन 1 जून से ई आवेदन करने पर ही मिलेंगे। इस प्रक्रिया में 8 से 11 दिन तक का समय लगेगा। बिजली कंपनी को कनेक्शन का शुल्क देने के बाद उपभोक्ता को 2 हजार रुपए तक की बचत होगी। अभी आॅफलाइन और आॅनलाइन दोनों माध्यमों से कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया जा सकता है, लेकिन आॅफलाइन आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को 18 सौ से 2 हजार रुपए दस्तावेज तैयार करने, बार-बार बिजली कंपनी के दफ्तरों के चक्कर लगाने और एजेंटों को देने पर खर्च करने पड़ते हैं। यही खर्च आॅनलाइन प्रक्रिया में बच जाएगा। बिजली कंपनी ने उपभोक्ता व कर्मचारियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए यह नई व्यवस्था शुरू की है।
इन कागजों का देना होगा विवरण
आधार कार्ड, सम्पत्ति की रजिस्ट्री, एक फोटो, व्यापारी प्रतिष्ठान व उद्योगों के लिए कनेक्शन लेने के लिए संबंधित एजेंसी, विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र का विवरण देना होगा।
एमडी के निर्देश: जो आॅनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके आवेदन बिजलीकर्मी भरें बिजली कंपनी के एमडी विशेष गढ़पाले ने ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूरों के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों से यदि कोई आॅफलाइन कनेक्शन करने के लिए बिजली दफ्तर पहुंचता है तो उसे आॅनलाइन प्रक्रिया के बारे में समझाएं और उनके आवेदन खुद आॅनलाइन माध्यमों से भरें। एमडी ने कहा कि इस व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान होने से बचेंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 
