आजम खां के खिलाफ जयाप्रदा पहुंचीं हाईकोर्ट
लखनऊ
समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां के खिलाफ रामपुर में उनकी प्रतिद्वंदी रहीं मशहूर अभिनेत्री जयाप्रदा ने हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के समक्ष गुरुवार को याचिका दाखिल की है। उनके अधिवक्ता अशोक पांडेय ने बताया कि इस याचिका में आजम खां के जौहर विश्वविद्यालय के चांसलर पद को लाभ का पद बताते हुए उनकी संसद सदस्यता की वैधता को चुनौती दी गई है।
याचिका में कहा गया है कि चांसलर पद धारण करने के कारण उनका चुनाव शून्य माना जाना चाहिए। अधिवक्ता ने बताया कि याचिका में यह भी मांग की गई है कि आजम खां को अयोग्य करार देते हुए याची को निर्वाचित सांसद घोषित किया जाए। अधिवक्ता के अनुसार उन्होंने याचिका की सुनवाई शुक्रवार को ही किए जाने का अनुरोध किया है।
लिहाजा सम्भव है कि मामले की सुनवाई शुक्रवार को हो जाय। उल्लेखनीय है कि न्यायालय के समक्ष आजम खां के खिलाफ इसी विषय की एक अन्य याचिका भी लम्बित है। उक्त याचिका राजा हुसैन की ओर से दाखिल की गई थी जिसमें आजम खां के विधानसभा सदस्यता को चुनौती दी गई थी।
bhavtarini.com@gmail.com 